अयोध्या। थाना कैंट व एसओजी पुलिस ने लूट व छिनैती गिरोह के सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरोह का सरगना मौके से फरार होने में कामयाब रहा। बदमाशों के पास से चोरी की दो बाइक व एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार यह गिरोह अयोध्या व गोंडा जनपद समेत आसपास के जिलों में लूट व छिनैती की वारदात करता था।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि 27 नवंबर को थाना कैंट अंतर्गत एक व्यक्ति के साथ लूट की घटना हुई थी जिसमें बाइक सवार बदमाश बाइक, मोबाइल व नकदी लूट ले गए थे। घटना की जांच कर रहे थाना कैंट प्रभारी अरुण प्रताप सिंह, एसओजी प्रभारी रतन कुमार शर्मा की टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि जगदीशपुर नहर पुलिया के पास कुछ बदमाश किसी घटना को अंजाम देने के लिए साजिश रच रहे हैं।
सूचना के आधार पर टीम ने वहां छापा मारा और सात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान गिरोह का सरगना रीतेश लाला मौके से फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान प्रदीप यादव उर्फ छोटू निवासी नील गोदाम देवकाली अयोध्या, आदित्य पांडेय उर्फ गगन निवासी परसपुर ददेरा थाना पूरा कलंदर अयोध्या, आशु उपाध्याय निवासी वाकरगंज थाना महराजगंज, अंकित निषाद निवासी शाहजहांपुर कोतवाली अयोध्या, हर्षित सिंह निवासी शाहजहांपुर कोतवाली अयोध्या, अभिषेक दुबे निवासी श्रीरामपुरम कॉलोनी कोतवाली अयोध्या, नितिन दुबे निवासी तिरछी भडरा थाना कुड़वार जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई।
एसएसपी ने बताया कि सभी आरोपी एक संगठित गिरोह के रूप में लूट व छिनैती की वारदात करते थे। इनके पास से चोरी की दो बाइक बरामद हुई हैं। इनमें से एक गोंडा जनपद के कटरा इलाके से लूटी गई थी जबकि दूसरी कैंट थाना अंतर्गत एक व्यक्ति से लूटी गई थी। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का सरगना रीतेश लाला मौके से फरार होने में कामयाब हो गया, उसकी तलाश की जा रही है।