लड़की पक्ष के लोग पहुंचे कोतवाली
- फोटो : अमर उजाला
अयोध्या जिले में बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के रुरुखास गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब वर पक्ष द्वारा दुल्हन के सिर पर बाल कम होने का उलाहना देते हुए शादी से इंकार कर दिया गया। बुधवार रात विवाह के दौरान हुई इस घटना के बाद बरात वापस जाने लगी तो भड़के ग्रामीणों ने दूल्हे व उसके परिजनों को बंधक बना लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप पर मान-मनौवल का क्रम जारी हुआ। रात भर पुलिस की मौजूदगी में गांव वालों के साथ दोनों पक्षों में पंचायत का दौर चला, परंतु बात नहीं बनी। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली आई। दुल्हन के पिता की तहरीर पर वर पक्ष के नौ नामजद व कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया।
बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के रुरुखास निवासी राधेश्याम कनौजिया ने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह सुल्तानपुर के कूरेभार थाना अंतर्गत जमौली निवासी आनंद पुत्र के साथ में तय हुआ था। दूल्हे के पिता जितेंद्र, भाई परमानंद, देवानंद, चाचा पवन, उनकी पत्नी व माता प्रसाद, उसकी पत्नी आरती, वीरेंद्र मास्टर व उनके अन्य साथी उनके दरवाजे पर बुधवार को बरात लेकर आए।
वर पक्ष को पहले से ही जानकारी थी कि उनके बेटी के सिर में बाल थोड़े कम हैं। इस बात का बहाना बनाकर उन्होंने अतिरिक्त दहेज की मांग की। जब उन्होंने दहेज देने में असमर्थता जताई तो उनके द्वारा घर के अंदर घुस कर उनकी पुत्री व अन्य औरतों के साथ हाथापाई एवं गाली गलौज की गई।
सारा सामान और भोजन फेंक कर बर्बाद कर दिया गया। शादी टूटने की वजह से उनकी पुत्री सदमे में चली गई है। प्रभारी निरीक्षक सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि लड़की के पिता की तहरीर पर दूल्हे आनंद समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।