अयोध्या। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को दिव्य व रमणीक रामनगरी की अनुभूति कराने के लिए शहर के बाहरी छोर पर स्थित सड़काें व अन्य स्थलों को सजाया संवारा जाएगा। कमिश्नर गौरव दयाल व डीएम नितीश कुमार ने बृहस्पतिवार को ऐसे कई स्थलों का भ्रमण करके इसका निर्देश दिया है।
अधिकारियों ने सबसे पहले लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पॉलिटेक्निक के पास स्थित फुटओवर ब्रिज पर वेलकम अयोध्या का प्वॉइंट बनाने और इसको आकर्षक लोगो व फसाड डिजाइनिंग से सजाने, सरकारी भवनों के परिसर में लगे पेड़ों को भी सजाने का निर्देश दिया। हाईवे के मीडियम के क्रॉस बैरियर आदि को दुरुस्त कराया जाए। जगह-जगह ऊंची-नीची सर्विस लेन को समतल कर साफ-सुथरा कराने का निर्देश दिया।
सहादतगंज बाईपास के पास रेलवे ओवरब्रिज के दोनों ओर साइन बोर्ड लगाने व इस पर रामायण कालीन चित्रों को उकेरे जाने का निर्देश दिया। अयोध्या-सुल्तानपुर अंडर पास पर हाईमास्ट लाइट व फसाड लाइटिंग कराने, सहादतगंज बाईपास से अयोध्या साकेत पेट्रोल पंप बाईपास तक के सभी अंडरपास की साफ-सफाई कर फसाड डिजाइनिंग का निर्देश दिया।
कमिश्नर ने अयोध्या बाईपास पर बालूघाट पुलिस चौकी के सामने अयोध्या लोगो वाला वर्टिकल साइन बोर्ड लगाने व आसपास के भवनों में फसाड डिजाइनिंग का अनुपालन कराने का निर्देश एडीए के अफसरों को दिया। धर्मपथ के प्रवेश द्वार पर धर्मपथ लिखाने, श्री राम भगवान की मूर्ति लगे साइन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया।
दोनों अफसरों ने चौधरी चरण सिंह घाट के पास पर्यटन विभाग से प्रस्तावित टेंट सिटी के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में खाली पड़ी भूमि को सरफेस पार्किंग के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया। सरयू होटल के सामने धर्म पथ पर खाली पड़ी भूमि पर बेहतर योजना बनाकर एक विश्वस्तरीय स्ट्रक्चर का प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया।
मकबरा के पास स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर राज्य विद्यालयी क्रीड़ा संस्थान स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में खाली पड़ी भूमि पर स्पोर्ट कांप्लेक्स का प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के समय नगर नियोजक गोर्की सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।