दीपोत्सव में निकलने वाली झांकियों के रथ किए जा रहे तैयार।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। दिव्य दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। दीपोत्सव में जहां 5.51 लाख दीप जलाकर नया रिकॉर्ड बनेगा तो वहीं विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम भी शोभा बढ़ाएंगे। रामजन्म से लेकर राम रामज्याभिषेक तक के प्रसंगों पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र होंगी।
पिछले साल की तरह इस वर्ष भी साकेत महाविद्यालय से 11 दिव्य-भव्य रथ पर राम राज्याभिषेक यात्रा निकाली जाएगी जो कि विभिन्न मार्गों से होते हुए रामकथा पार्क पहुंचेगी। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित विदेशी मेहमान रामराज्याभिषेक यात्रा का स्वागत करेंगे।
साकेत महाविद्यालय में झांकियों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अब तक पांच झांकियों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। 24 अक्तूबर तक सभी झांकियां बनकर तैयार हो जाएंगी।
जिला सूचना अधिकारी मुरलीधर सिंह ने बताया कि 11 रथों पर राम की गाथा पर आधारित 11 प्रसंगों का अंकन होगा। बताया कि नारद मोह, रामजन्म से लेकर, रामवनगमन, केवट प्रसंग, रामविवाह प्रस्ताव, धनुषयज्ञ, अशोक वाटिका, ताडक़ा वध, सीता हरण, लक्ष्मण शक्ति, राम-रावण युद्ध सहित रामराज्याभिषेक की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र होंगी।
यह झांकियां 26 अक्तूबर को दीपोत्सव के दिन साकेत महाविद्यालय से रामराज्याभिषेक यात्रा के रूप में निकलकर रामकथा पार्क पहुंचकर समाप्त होंगी। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त शासन द्वारा थ्री डी झांकियों का भी निर्माण कराया जा रहा है जिसके जरिए सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों के प्रति आम लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही राम कथा के प्रसंगों की भी थ्री डी प्रस्तुति भक्तों को मंत्रमुग्ध करेगी।