अयोध्या। दिव्य दीपोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने ऐसा कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। तमाम सुरक्षा एजेंसियों ने अयोध्या में डेरा डाल दिया है।
इस बार छठे दीपोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के चलते सुरक्षा व्यवस्था के लिए फुलप्रूफ प्लान तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री का सुरक्षा घेरा चार स्तरीय बनाया गया है। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी के हवाले रहेगी, जो कि गुरुवार को ही जिले में पहुंच चुकी है।
हैलीपैड स्थल से लेकर प्रधानमंत्री के काफिले के पूरे रूट को सुरक्षा एजेंसियां भी खंगाल रही हैं। इस रास्ते पर एसपीजी ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों व पुलिस के साथ कई बार फ्लीट का रिहर्सल भी किया है। प्रधानमंत्री के आगमन से लेकर उनके अयोध्या में रहने तक जिले व शहर की सीमाएं सील रहेंगी। उदया चौराहे से लेकर गोंडा व बस्ती की तरफ से आने वाले किसी भी चार पहिया वाहन को अयोध्या में प्रवेश नहीं मिलेगा।
सड़क की दोनों पटरियों पर बैरिकेडिंग की गई है। किसी भी व्यक्ति को गली-कूचे से भी बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा। काफिले के रूट पर पड़ने वाले घरों की छतों पर भी निगरानी के लिए सशस्त्र जवानों को मुस्तैद किया जाएगा। वहीं, बाहर से आईं सुरक्षा एजेंसियां शहर के होटल, लॉज, धर्मशालाओं में टिके लोगों का सत्यापन भी कर रही हैं। मठ-मंदिरों में रहने वालों का सत्यापन भी कराया जा चुका है।
शुक्रवार सुबह एडीजी जोन ब्रजभूषण, डीआईजी अमरेंद्र प्रसाद, एसएसपी प्रशांत वर्मा ने पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपीजी के अलावा दूसरा सुरक्षा घेरा अर्द्धसैनिक बल, आरएएफ व सीआरपीएफ का होगा। तीसरा घेरा पीएसी व चौथा घेरा पुलिस के जवानों का होगा।