निरीक्षण के दौरान बंद मिले प्राथमिक विद्यालय।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर निकली टीम ने शनिवार को जिले के परिषदीय स्कूलों में छापा मारा तो हालात बदतर नजर आए। पांच में से तीन विद्यालयों में तालाबंदी रही। जबकि एक विद्यालय में सिर्फ एक शिक्षक ही उपस्थित मिला। टीम ने अपनी जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंपते हुए कार्रवाई की संस्तुति की है। जिस पर बीएसए ने शिक्षकों का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण मांगने की बात कही है।
कोरोना संक्रमण काल में परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में पढ़ाई लगभग ठप चल रही है। लेकिन स्कूलों में शिक्षकों को सुबह नौ बजे तक पहुंचने का निर्देश है। कुछ स्कूल में तो शिक्षक लेटलतीफ पहुंच रहे हैं तो कुछ स्कूलों में ताला ही लटकता मिल रहा है। शनिवार को बेसिक शिक्षा विभाग की टीम ने कुछ स्कूलों का जायजा लिया तो कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला।
जिला समन्वयक निर्माण गिरिजा शंकर पांडेय व जिला समन्वयक सामुदायिक अखिलेश पांडेय ने शनिवार को सुबह 9:45 बजे से दस बजे के मध्य बीकापुर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय हरी का पुरवा, प्राथमिक विद्यालय हथिगो, प्राथमिक विद्यालय चौरे चंदौली व प्राथमिक विद्यालय भरथू का पुरवा का निरीक्षण किया। इनमें भरथू का पुरवा विद्यालय में सिर्फ एक शिक्षक उपस्थित मिला।
जबकि तीनों स्कूल बंद पाए गए। जबकि मसौधा ब्लॉक के कंपोजिट स्कूल मैनुद्दीनपुर के निरीक्षण में सब कुछ ठीकठाक मिला। डीसी सामुदायिक अखिलेश पांडेय ने माह में 20 स्कूलों के निरीक्षण का लक्ष्य मिला है। इसी क्रम में शनिवार को निरीक्षण किया गया है। तीन स्कूल बंद पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट बीएसए को सौंपते हुए कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडेय ने बताया कि समय से स्कूल न पहुंचने वाले शिक्षकों के खिलाफ अभियान चलाया गया है। नियमित रूप से अलग-अलग टीमें छापा मार स्थिति का जायजा लेंगी। अनुपस्थित मिले शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया कि शनिवार को बंद मिले विद्यालयों व अनुपस्थित मिले शिक्षकों का वेतन अवरुद्ध करते हुए स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।