अयोध्या। अब राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय (एटीएस) में अग्निशमन यंत्र लगेंगे। फायर अलार्म के साथ ही पानी के इंतजाम को फायर हाइड्रेंड सिस्टम भी विकसित किया जाएगा। इस कार्य के लिए शासन ने बजट जारी कर दिया है। यूपीपीसीएल लखनऊ को इसके निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गरीब बालिकाओं को आवासीय एवं मुफ्त शिक्षा देने के लिए सरकार की ओर से राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय खोले गए हैं। जिलों में इनका संचालन समाज कल्याण विभाग करता है। पहले ये विद्यालय किराये के भवनों में चल रहे थे, लेकिन अब धीरे-धीरे इनके खुद के भवन बन गए हैं।
इसके बाद भी अधिकतर राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में अग्निशमन यंत्र लग नहीं पाए हैं। अगर विद्यालय में आग लग जाए तो आग बुझाने को वहां पर कोई उपकरण नहीं हैं। इससे वहां पर हर समय खतरा बना रहता है। इसे देखते शासन ने प्रदेश के सभी राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों को अग्निशमन यंत्र लगाने का फैसला लिया। इस कार्य के लिए शासन ने बकायदा बजट भी स्वीकृत किया था।
पहले चरण में अवमुक्त बजट से कुछ विद्यालयों में अग्निशमन यंत्र लग चुके हैं। बावजूद इसके अधिसंख्य विद्यालयों में यह यंत्र लगना बाकी है। कार्य को पूर्ण कराने को शासन ने स्वीकृत 1484.86 लाख के सापेक्ष 799.54 लाख बजट जारी कर दिया है। अपर मुख्य सचिव मनोज सिंह ने समाज कल्याण विभाग लखनऊ के निदेशक को पत्र जारी किया है।
इसके जरिए कहा कि राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों में फायर अलार्म व फायर हाइड्रेंड सिस्टम लगाने को करीब आठ करोड़ बजट आवंटित कर दिया गया है। कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल लखनऊ को बजट आवंटित करें, जिससे कि यह कार्य जल्द से जल्द पूरा हो सके। अयोध्या जिले के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय बरवा मसौधा व हाजीपुर बरसेंडी में भी आग की घटनाओं से अलर्ट करने को फायर अलार्म लगाया जाएगा। साथ ही पानी के इंतजाम को फायर हाइड्रेंड सिस्टम भी विकसित होगा।