अयोध्या। बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों पर अब सख्ती से लगाम कसी जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने इसके लिए सभी नोडल अधिकारियों से प्राथमिकता के तहत अपने-अपने तहसील क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया है। डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार आर्या ने सूची बनाने में हो रही देरी पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि किसी भी हालत में बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।
राइट टू एजूकेशन 2009 के तहत यदि कोई निजी स्कूल बिना मान्यता के चलता पाया जाता है तो संचालक के विरुद्ध सीधे मुकदमा दर्ज कर जुर्माना वसूले की कार्रवाई का प्रावधान है। इसके बावजूद जिले में शिक्षा विभाग के अधिकारी इसे लेकर पूरी तरह उदासीन बने हैं। बीते अप्रैल माह में भी तात्कालिक जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी ब्लॉक व तहसील के नोडल अधिकारियों को पत्र जारी कर जिले में बिना मान्यता संचालित माध्यमिक विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश था। इसके बावजूद अभी तक किसी भी नोडल अधिकारी ने ऐसे विद्यालयों की कोई सूची नहीं बनाई है। इससे नाराज होकर ही नवागत डीआईओएस ने सभी नोडल अधिकारियों को रिमांइडर जारी कर शीघ्र ऐसे अमान्य स्कूलों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया हैं। संवाद