फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन झूला मेला आज से, तैयारियां अधूरी

Thu, 04 Aug 2016 11:09 PM IST
फैजाबाद
विज्ञापन
अयोध्या ः गुरुवार को राम की पैड़ी में जमा कूड़े का ढ़ेर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
धर्मनगरी का प्रसिद्ध सावन झूला मेला पांच अगस्त यानी शुक्रवार से मणिपर्वत मेले के साथ आरंभ हो रहा है। लगभग पखवारे भर तक चलने वाले मेले को लेकर नगरी में श्रद्धालुओं का जमावड़ा शुरू हो गया है।
विज्ञापन


जिलाधिकारी की मेला में व्यवस्थाओं को पूरा करने की डेड लाइन खत्म हो चुकी है, प्रशासन का मेला व्यवस्थाएं पूरी होने का दावा भी है लेकिन वास्तविकता इससे इतर है। मेले में व्यवस्थाओं के नाम पर तैयारियां आधी-अधूरी ही हैं। डीएम द्वारा मेले से पूर्व व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की चेतावनी भी बेअसर दिख रही है। मुख्य मार्गों पर ही गंदगी व कूड़े-करकट के ढेर लगे हुए हैं। सड़कों पर अभी भी गड्ढे हैं। 

रामनगरी में सावन झूला मेला के दौरान नगर के मंदिरों में होने वाला झूलनोत्सव श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र होता है। शुक्रवार को मणिपर्वत पर झूलनोत्सव के साथ मेले का आगाज होगा।
विज्ञापन


18 अगस्त तक चलने वाले मेले में लाखों की संख्या में जुटने वाले श्रद्धालुओं को प्रशासन की ओर से बेहतर सुविधाओं का दावा रहा है लेकिन मेले की पूर्व संध्या तक तैयारियों आधी-अधूरी ही रहीं। यह स्थिति तब है जब लगभग माह भर से मेले की तैयारियां विभागों द्वारा की जा रही है।

बीच-बीच में बैठकों में डीएम द्वारा व्यवस्थाओं को पूरा करने के सख्त निर्देश भी जारी किए जाते रहे। रामकथा संग्रहालय में हुई नागरिकों व प्रशासन की बैठक में मेला व्यवस्था पूरा न हो पाने पर डीएम ने व्यवस्थाओं को लेकर डेड लाइन भी जारी की थी।

मेले में तैयारियों की जायजा लेने निकलीं डीएम मेला क्षेत्र में जगह-जगह धंस रही सड़कों, नई बनी ऊबड़-खाबड़ सड़कों को देखकर मातहतों पर आगबबूला भी हुईं। इसे 24 घंटे में पूरा करने का अल्टीमेटम भी दिया लेकिन मेला व्यवस्था की तैयारियों का जो हाल कुछ ऐसा है कि राम की पैड़ी व आसपास के क्षेत्रों में गंदगी पसरी हुई है।

सावन मेले में सर्वाधिक भीड़ श्रद्धालुओं की राम की पैड़ी पर स्थित प्रसिद्ध नागेश्वरनाथ मंदिर के साथ ही हनुमानगढ़ी मंदिर में होती है। इन दोनों मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों पर जगह-जगह कूड़े-कचरे व गंदगी फैली हुई है। 

मणिपर्वत से शुरू होने वाले मेले में मणिपर्वत से रानोपली जाने वाले मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे, अशर्फी भवन से सब्जी मंडी, नजरबाग आदि मार्गों पर गड्ढे पड़े हैं। इन पर मोटी-मोटी गिट्टियां डाली जा रही हैं। चरण पादुका से तपस्वी जी छावनी मंदिर तक मार्ग पर सीवर का पानी बह रहा है।

मेला क्षेत्र में तुलसीनगर, ऋणमोचन घाट, महाराजा इंटर कॉलेज, कटरा से राजघाट मोड़ पर, बिड़ला धर्मशाला के सामने, गोकुल भवन गेट के सामने, दुराही कुआं के पास आदि स्थानों पर जलनिगम द्वारा लगाए गए दो दर्जन हैंडपंप अभी भी खराब पड़े हैं। दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय के बगल सुलभ शौचालय से अतिक्रमण अभी भी नहीं हटाया जा सका है। श्रीपुरम कॉलोनी बेगमपुरा में 15 दिनों से पानी नहीं आ रहा है। 


ऋणमोचन घाट पर बनी नई पानी की टंकी अभी भी चालू नहीं हो सकी है। गुरुवार सुबह एडीएम सिटी वीके पांडेय, एसपी सिटी संकल्प शर्मा ने सरयू के स्नान घाट, राम की पैड़ी, मणिपर्वत समेत समूचे मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। अफसरों ने सुरक्षा व व्यवस्था में मिली खामियों पर अफसरों को फटकार लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। एसपी सिटी संकल्प शर्मा ने कहा कि सरयू घाट पर गऊदान पर कोई रोक नहीं है, केवल आवारा पशुओं को ही प्रशासन हटाने की कार्रवाई कर रहा है। इसे लेकर अफवाह न फैलाएं। 
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें