बीकापुर कोतवाली अंतर्गत नुवावा बैदरा गांव के खिरई मिश्र का पुरवा में शनिवार की शाम यूकेलिप्टस के पेड़ पर चढ़ कर डाल काटते समय एक किशोर हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुन कर पिता ने पुत्र को बचा लिया लेकिन वह खुद करंट की चपेट में आ बुरी तरह झुलस गए। उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही पिता की मौत हो गई। पुत्र को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शनिवार की शाम नुवावा बैदरा गांव निवासी शत्रुहन पांडेय (41) का 16 वर्षीय पुत्र अंकित अपने खेत के पास यूकेलिप्टस के पेड़ पर चढ़ कर उसकी डालें काट रहा था। अचानक ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन बिजली के तारों से हवा में करेंट उतरा और अंकित चीखने के साथ ही झुलस गया। पुत्र को बचाने के लिए दौड़े पिता ने अंकित को करंट से छुड़ा लिया लेकिन खुद करंट के चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया गया लेकिन रास्ते में पिता शत्रुहन की मौत हो गई। चौरे पुलिस चौकी प्रभारी अमित कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वही मृतक के पिता गिरजा शंकर पांडेय ने पावर कार्पोरेशन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि अंकित गंभीर रूप से झुलस गया है उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।