फैजाबाद। समाजवादी पार्टी ने नगर निगम अयोध्या का चुनाव हारने का ठिकरा प्रशासन पर फोड़ा है। सपा के पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय पवन, पूर्व विधायक अभय सिंह, जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव ने प्रेसवार्ता कर हाईकोर्ट में अपील करने की बात कही है। आरोप लगाया कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुनर्मतगणना के आवेदन पर विचार नहीं किया। यह मांग आयोग को भी भेजी गई है। अब इसकी अपील हाईकोर्ट में प्रत्याशी गुलशन बिंदू की ओर से होगी।
गुलाबबाड़ी स्थित सपा कार्यालय पर रविवार को पूर्व राज्यमंत्री तेजनारायण पांडेय ने कहा कि नगर निगम का चुनाव बेईमानी से जीतकर भले ही भाजपा वाहवाही लूट रही है, लेकिन सपा ने जिले की नगर पालिका व नगर पंचायत के सभी पदों से भाजपा का सफाया कर दिया है। नगर निगम चुनाव में मुख्यमंत्री के इशारे पर जिला प्रशासन ने सपा प्रत्याशी गुलशन बिंदू को हराने का काम किया है।
चौथे राउंड की मतगणना के बाद जब सपा मात्र 9 सौ मतों से पीछे हुई, उसके बाद परिणाम की घोषणा रोक दी गई। जब प्रशासन दो घंटे तक मतगणना रोकने की बात कर रहा था, तो किस माध्यम से न्यूज चैनलों ने भाजपा की जीत की घोषणा कर दी, यह संदिग्ध है। नगर पंचायत भदरसा, बीकापुर में सभासद व अध्यक्ष सहित सभी पदों से भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। गोसाईगंज में सिर्फ एक सभासद को भाजपा जिता पाई, यही हाल रुदौली नगर पालिका का रहा।
अगर ईमानदारी से मतगणना होती तो नगर निगम पर भी सपा का कब्जा होता। पूर्व विधायक अभय सिंह ने कहा कि सरकार के छह माह के कार्यकाल में कानून व्यवस्था बदतर हो गई है। किसान, नौजवान, व्यापारी सहित हर वर्ग सरकार की दमनकारी नीतियों से त्रस्त है। जिलाध्यक्ष गंगा सिंह यादव ने कहा कि नगर निगम के 18 पार्षद सपा के जीते हैं, जबकि 17 सीटों पर सपा दूसरे नंबर पर रही। नगर निगम में हुई बेईमानी के लिए पूर्व में निर्वाचन आयोग से शिकायत की गई थी।
अखिलेश यादव ने हाईकोर्ट में याचिका दायर करने को दी सहमति
सपा की मेयर प्रत्याशी गुलशन बिंदू ने रविवार को सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम से लखनऊ में मुलाकात की।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नगर निगम चुनाव में पुनर्मतगणना न कराने और सत्ता के इशारे पर उन्हें हराने के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट पिटीशन दायर करने को हरी झंडी दे दी है। तीनों नेताओं ने कहा कि अयोध्या में समाजवादी पार्टी जीत चुकी थी, जिसे जानबूझकर हराया गया। एमएलसी लीलावती कुशवाहा भी गुलशन बिंदू के साथ थीं। उनका कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अधिवक्ताओं को बुलाकर सभी दस्तावेज सौंप दिए है। जल्द ही रिट पिटीशन दायर की जाएगी।