मवई। मवई थाना क्षेत्र के कंदई गांव में पांच सौ रुपये के लेनदेन के विवाद में एक युवक को चौकीदार व उसके दो भाइयों आदि ने पीट दिया। बचाने दौड़े युवक के भाई व पत्नी को भी हमलावरों ने जमकर पीटा। चौकीदार ने युवक के सिर पर फरसे से हमला कर लहूलुहान भी कर दिया। मामले में पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है।
मवई थाना क्षेत्र के कंदई गांव निवासी रामभवन ने बताया कि, चौकीदार सूरज के भाई इंदल ने कुछ दिन पहले उससे पांच सौ रुपये उधार लिए थे। शुक्रवार शाम तगादा करने पर इंदल कहासुनी करने लगा। इसी बीच चौकीदार सूरज, उसका भाई मुनिजर, उसकी मां व बहन भी वहां पहुंच गए और सभी मिलकर रामभवन को पीटने लगे।
मारपीट के दौरान ही चौकीदार सूरज ने रामभवन के सिर पर फरसे से हमला कर दिया। रामभवन का भाई रामलाल व पत्नी उसे बचाने दौड़े तो हमलावरों ने उन्हें भी पीट दिया। रामभवन का आरोप है कि, सूचना पर पहुंची यूपी-100 के पुलिसकर्मियों ने चौकीदार से मिलकर मामले को रफादफा कर दिया।
शनिवार को मवई थाने में शिकायत करने पर पुलिस ने रामभवन, उसके भाई व पत्नी का मेडिकल कराया। इसमें रामभवन के सिर पर धारदार औजार से हमले की पुष्टि हुई है। मवई थाना प्रभारी पीके पांडेय ने बताया कि, मामले में चौकीदार समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर जांच की जा रही है।