अनुशासन प्रस्तुत करते पथ संचलन के स्वरूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक कतारबद्ध होकर जीआईसी के मैदान से निकले। राष्ट्रहित सर्वोपरि भाव को दर्शाते पथ संचलन का शहर के दर्जनों स्थानों पर पुष्प वर्षा करके भव्य स्वागत किया गया। पथ संचलन फतेहगंज, चौक, रिकाबगंज होते हुए फिर जीआईसी के मैदान पहुंचा।
इस दौरान पूरे मार्ग को भगवा झंडे से पाट दिया गया था। पथ संचलन के पूर्व जीआईसी के मैदान में संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र प्रचारक प्रमुख अशोक उपाध्याय ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भारत महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है, हमने आतंकी घटना को जवाब दिया। बड़े लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए साधना करनी पड़ती है। कहा कि देश के स्वतंत्र होने के बाद भी गुलाम होने का कारण विद्यमान था, यह कारण था मैं, मैं का मतलब जब अहंकार प्रवेश करता है तो यह विनाश की ओर ले जाता है।
परिवार तथा समाज में जब मैं प्रभावी होता है तो उसका विनाश शुरू हो जाता है। भारत के पास सब कुछ होते हुए भी मुठ्ठी भर लोग आए और गुलाम बनाकर चले गए। मैं के पीछे व्यक्ति है, व्यक्ति अगर अच्छा होगा तो राष्ट्र परम वैभव को प्राप्त करेगा।
मैं को किनारे लगाकर राष्ट्र भक्ति का भाव जगाने का काम नागपुर की शाखा से प्रारंभ हुआ जो देश के कोने कोने में फैल गया है। जीआईसी मैदान से निकलने के बाद पथ संचलन का स्वागत कसाबबाड़े में व्यापारियों ने, फतेहगंज में गल्ला व्यापार मंडल ने स्वागत किया।
सुभाष नगर में दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति, बजाजा में संदीप मध्यान्ह के नेतृत्व में, चौक में भाजपा महानगर कमेटी के द्वारा, रिकाबगंज में क्रमश: कपड़ा व्यवसायी, बर्तन व्यवसायी अवि आनंद तथा आनंद अग्रहरि के नेतृत्व में दवा व्यवसायी के नेतृत्व में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने विधायक आवास के सामने भाजपा के पदाधिकारियों के साथ पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। प्रबुद्ध प्रकोष्ठ ने महिला चिकित्सालय के सामने पथ संचलन का स्वागत किया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपतराय, महानगर प्रचारक अंबेश, महानगर कार्यवाह डॉ. शिवकुमार तिवारी, विभाग कार्यवाह राम कुमार राय, विभाग प्रचारक अमरनाथ, महानगर संघचालक डॉ. विक्रमा पांडेय, सह संघचालक मुकेश तोलानी, महानगर व्यवस्था प्रमुख केदारनाथ सिंह, नगर संघचालक भवानी भीख पांडेय, सह कार्यवाह देवेंद्र, अशोक केडिया के अलावा सांसद लल्लू सिंह, महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायकों में वेद प्रकाश गुप्ता, रामचन्दर यादव, इंद्र प्रताप तिवारी, बाबा गोरखनाथ, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव समेत अन्य मौजूद रहे।