अयोध्या। बच्चा चोरी होने की सूचना पर शुक्रवार को हड़कंप मच गया। खंडासा पुलिस को 100 नंबर पर सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के रामनगर अमावा गांव में एसयूवी सवार लोगों ने बच्चा चुरा लिया है। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने कुछ ही देर बाद बच्चा गांव से ही बरामद कर लिया।
खंडासा पुलिस अमानीगंज स्टेट बैंक तिराहे पर लोगों को जागरूक करने के लिए जन चौपाल कर रही थी। इस दौरान रामनगर अमावा गांव निवासी रमेश कुमार ने दोपहर 12 बजे 100 नंबर पर फोन कर सूचना दी कि एसयूवी सवार लोगों ने उसके बच्चे अविनाश (6) को चुरा लिया है।
सूचना मिलते ही डायल 100 व थानाध्यक्ष खंडासा आरके राणा गांव पहुंचे और ग्रामीणों के साथ बच्चे की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद एक सुनसान जगह पर प्लास्टिक कवर के अंदर खड़े एक ट्रैक्टर के नीचे बच्चा सोते हुए मिला। बाद में बच्चे के पिता ने बताया कि बच्चे को बुखार था और दवा दी गई थी।
दवा खाने के बाद वह घर से निकल पड़ा था। जांच में गांव में एसयूवी आने की सूचना की पुष्टि नहीं हो सकी। थानाध्यक्ष आरके राणा ने गांव के लोगों को एकत्र कर बच्चा चोरी की अफवाहों से बचने की सलाह दी है।