नए वित्तीय साल में मनरेगा से जिले में 90 करोड़ रुपये के कार्य कराए जाएंगे। केंद्र सरकार ने लेबर बजट को हरी झंडी दे दी है। अब इस पर परियोजनावार धनावंटन की कवायद शुरू हो गई है। बजट में जॉब कार्डधारकों को मजदूरी के मद पर 54 करोड़ तो मैटेरियल पर 36 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है।
मनरेगा के तहत वित्तीय साल 2017-18 के लिए लेबर बजट तैयार करके केंद्र सरकार को भेजा गया था। केंद्र सरकार ने प्रस्तावित लेबर बजट को स्वीकृति प्रदान कर दी है। बताया गया है कि साल के अप्रैल से मार्च 2018 तक के हर महीने कराए जाने वाले कार्यों को पहले से तय कर दिया जाता है।
प्रत्येक महीने जिले के सभी 11 विकासखंडों के लिए निर्धारत बजट का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। चालू वित्तीय साल में मनरेगा के तहत कुल 89.68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें मजदूरी पर 53.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही मैटेरियल के मद में 35.87 करोड़ रुपये खर्च किया जाएगा।
लेबर बजट में अप्रैल से लेकर मार्च तक लक्ष्य निधारित कर दिया गया है। उपायुक्त मनरेगा नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी ने बताया कि वित्तीय साल 2017-18 के लिए 89.68 करोड़ रुपये का लेबर बजट स्वीकृत हुआ है। इस पर काम शुरू करा दिया गया है। कोशिश है कि प्रत्येक महीने के लक्ष्य के मुताबिक परियोजनाओं पर कार्य कराए जाएं।