योगी सरकार ने पावर कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी तय कर रखी है। इसके बावजूद भी अधिकारी आमजन की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। रुदौली तहसील क्षेत्र के तीन गांव लगभग एक हफ्ते से अंधेरे में है। यहां पेड़ गिरने से विद्युत पोल टूट गया था। ग्रामीणों ने इसकी तुरंत शिकायत की थी। पर एक हफ्ते बाद भी सप्लाई चालू करने के लिए मौके पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। ग्रामीण गर्मी से परेशान है और खेतों में सिंचाई का कार्य भी प्रभावित है।
रुदौली तहसील क्षेत्र के ग्राम परसऊ, गोसाई का पुरवा व शाहपुर गांव में पिछले छह दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। ग्रामीण सुरेन्द्र कुमार, अशोक कुमार, शिव कैलाश यादव, अनिल कुमार, ह्दय प्रसाद अदि ने बताया कि लगभग एक हफ्ते से गंावाें में अंधेरा है। बिजली से होने वाला कोई कार्य नहीं हो रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत सिंचाई को लेकर है। नलकूप बंद पड़े है। किसान परेशान है और पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी आंखें बंद किए है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारी व कर्मचारी को बताया जा चुका है लेकिन किसी भी अधिकारी ने गांव की ओर रुख तक नहीं किया। ग्रामीणों ने बताया कि एसडीओ सुनने को तैयार नहीं है और ठीक से बात भी नहीं करते है। किसान संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी ही सरकार की मंशा पर पानी फरे रहे है। ऐसे में गांव के विकास और अनवरत आपूर्ति का सपना, सपना ही रह जाएगा।
किसान ने कहा कि योगी सरकार का निर्देश है कि कहीं भी विद्युत पोल टूटे तो दो दिन में लग जाएगा लेकिन यहां तो अधिकारी ही आंखें बंद किए हुए है। एसडीओ डीके यादव ने बताया कि पूरे डलई फीडर नंबर एक हमारे कार्यक्षेत्र में नहीं है। यह फीडर सोहवाल विद्युत उप खंड में आता है। जेई जेपी गुप्ता ने कहा कि पोल जल्द ही लग जाएगा।