पुल से नए घाट जाने वाले मार्ग पर पड़ी निर्माण सामग्री।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। दीपोत्सव की तैयारी में राम की पैड़ी जाने वाला मुख्य नयाघाट मार्ग शनिवार सुबह बैरियर लगाकर बंद करने के साथ खोद दिया गया है। यहां हर हाल में रविवार शाम तक पुल का निर्माण पूरा करने के साथ जल प्रवाह सुनिश्चित करने की डेडलाइन दी गई है।
जबकि काफी जर्जर हो चुके सरयू नदी के पुराने पुल की मरम्मत के लिए इसे ब्लॉक कर काम शुरू हुआ है। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने दोपहर बाद राम की पैड़ी और पुल पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण करके 24 घंटे में पूरा करने के निर्देश दिए।
हाईवे से सरयू घाट होते हुए रामनगरी की ओर पर्यटकों और श्रद्घालुओं के वाहनों का डायवर्जन किया गया है। राम की पैड़ी के लिए मुख्य सड़क को खोदकर बन रहे पुल के निर्माण के बाद आगे का बाईपास भी शुक्रवार सुबह पूरी तरह खोदकर ब्लॉक कर दिया गया।
इससे शनिवार पूरे दिन अयोध्या होकर सरयू घाट या हाईवे जाने वाले वाहन चालकों को मुसीबत झेलनी पड़ी। टैंपो से सरयू घाट पहुंचने के लिए हनुमानगुफा होते हुए नयाघाट की ओर जाने का रास्ता खोला गया है, लेकिन यदि किसी को गोंडा जाना हो तो पुराने पुल के पूरी तरह से ब्लॉक होने के कारण वह हाईवे होते हुए कटरा लिंक से होकर जा सकता है। हालांकि इससे दूरी करीब 10 किमी. बढ़ गई है।
राम की पैड़ी में साफ की गई बालू व गिट्टी की गंदगी
राम की पैड़ी पर दीपोत्सव के लिए अवध विश्वविद्यालय की टीम अपने-अपने एलॉट किए गए ब्लॉक में दीपोत्सव का प्लान बनाते हुए पूरे दिन नजर आई। छात्र-छात्राओं में दीपोत्सव को लेकर उत्साह दिखा। उधर, राम की पैड़ी में जल प्रवाह से पहले उसके प्लेटफार्म की पानी की बौछारों के साथ सफाई की गई, जहां बालू और गिट्टियों के ढेर थे उसे उठाकर ट्रैक्टर में लादकर बाहर फेंकवाया गया।