उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या को भव्य स्वरूप प्रदान किया जाएगा। अयोध्या के मार्गों को अमृतसर की भांति सुनियोजित निर्माण व सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
उन्होंने विद्यालयों व कार्यालयों व शौचालयों की स्वच्छता समेत स्वच्छ पेयजल, पढ़ाई में गुणवत्ता व चिकित्सालयों में अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। वह गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अफसरों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
श्री मौर्य ने कहा कि हनुमानगढ़ी परिक्षेत्र को साफ सुथरा किया जाए। भारत सरकार ने 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य स्वीकृत किया है। पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिया कि 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग को इस योजना के साथ लिंक कर उसका सुदृढ़ीकरण व समुचित विकास का डीपीआर तैयार कर प्रस्ताव भिजवाएं।
उन्होंने खाद्य रसद विभाग के राशन कार्डों में अपात्रों को चिन्हित करने में पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान पाने पर डीएम विवेक की प्रशंसा की। अन्य योजनाओं में शीर्ष स्थान पाने को कहा। कहा कि फैजाबाद कृषि प्रधान जनपद है इसलिए कृषि व उद्यान विभाग की नवीनतम योजनाओं का क्रियान्वयन शीर्ष प्राथमिकता से करें।
जिससे यहां के लोगों का पलायन रुके। कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा मृदा परीक्षण व औद्यानिक फसलों व फलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए पाली हाउस आदि पर जोर दिया जाए। कहा कि दिव्यांगों के कल्याण के लिए समय-समय पर कैंप लगाकर उन्हें प्रमाण पत्र व उपकरण भी प्रदान किए जाएं।
एसएसपी अनंत देव से गोवंशीय पशुओं के तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कहा। उपमुख्यमंत्री मौर्य ने जननी सुरक्षा योजना में 90 प्रतिशत उपलब्धि पर सराहना की। आशाओं का उत्पीड़न रोकने को कहा। कहा कि जहां भुगतान होता है वहां पर सीसीटीवी कैमरा लगाकर दोषियों को दंडित किया जाए।
इसके साथ ही 102, 108 एंबुलेंस को बेहतर ढंग से संचालित किया जाएं। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, आपूर्ति विभाग, बिजली की उपलब्धता, ट्रांसफार्मर, विद्युत चोरी रोकने, कृषि विकास योजना, त्वरित सिंचाई आदि योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ अरविंद मल्लप्पा बंगारी समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।