आरक्षण केंद्र सर्वर ठप होने से इंतजार में लगी कतार।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में बीएसएनएल की केबल कटने से बाराबंकी, रुदौली, फैजाबाद, अयोध्या, गोसाईगंज, अकबरपुर, मालीपुर, शहगंज तक रेलवे स्टेशनों के आरक्षण केंद्रों का नेटवर्क फेल हो गया। इससे टिकट आरक्षण का कार्य ठप हो गया।
इन केंद्रों से आरक्षित टिकट पाने और टिकट रद्द कराने को लाइनों में खड़े शहर व गांव गिरांव से पहुंचे लोग बिलबिला उठे। सुबह केंद्र खुलते ही नेटवर्क ध्वस्त मिला। लखनऊ तक फोन घनघनाने पर पता चला कि मेट्रो चलाने के लिए रात में जेसीबी से खुदाई में बीएसएनएल की केबल कट गयी है।
साढ़े पांच घंटे आरक्षण ठप रहने से अकेले फैजाबाद को ही करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल 13:30 बजे के करीब खराबी दूर हुई और सेवा बहाल हो गई।
शुक्रवार की सुबह मॉडल रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र पर खुली दो खिड़कियों पर लाइन लगाये लोग परेशान रहे। ऐसे में तत्काल टिकट भी नहीं निकल सके। ट्रेनों का चार्ट भी नहीं निकाला जा सका। केंद्र की खिड़की पर ‘कम्प्यूटर खराब है, आरक्षण कार्य स्थगित’ का बोर्ड लगा दिया गया। अधिकारी और रेलवे टेलीफोन केंद्र के कर्मी लाइन सही होने के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे थे।