गलन से बचने के लिए चाय का सहारा लेते लोग ।
- फोटो : अमर उजाला
सुबह शाम कोहरे और गलन से लोग परेशान रहे तो दिन में निकली धूप से राहत मिली। लोग धूप का आनंद लेने के लिए खुले में बैठे रहे। इसके बावजूद पछुआ हवा चलने से गलन बरकरार रही।
जिले में गलन और ठंड से राहत के आसार तो नहीं है, लेकिन शुक्रवार को भी दिन में धूप खिलने का अनुमान है। नाका हनुमानगढ़ी चौराहे पर हनुमत नवयुवक संघ और समाजसेवियों की ओर से जलाये जा रहे अलाव तो मालगोदाम व दूसरे स्थलों पर लोग गत्ते-लकड़ी जलाकर अपने को गरम करते दिखे।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर यात्री ठंड ओर गलन से परेशान रहे। लोग कंबलों में लिपटे रहे। दुकानों पर हर कोई चाय की चुस्कियां लेते हुए खुद को गर्म करता रहा। उधर नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को दोनों तापमानों को सामान्य बताते हुए कहा कि अगले 24 घंटों में सुबह-शाम कोहरा गिरने तथा दिन में धूप रहने की संभावना है।
कहा, कोहरा पड़ने, पछुआ हवा की गति 1.4 किमी. प्रति घंटा रहने से लोगों को ठंड व गलन अधिक सताती रही। बताया कि अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी। उधर सिद्धपीठ नाका हनुमानगढ़ी के सामने नगरपालिका के अलावा हनुमत नवयुवक संघ ने भी अलाव जलवा दिया।