ठंड का असर कम होने से लोग धूप आनंद उठाते रहे।
- फोटो : अमर उजाला
बीती रात जिले में जहां-तहां हल्की बूंदाबांदी के बाद सोमवार सुबह से मौसम साफ हो गया है। धूप खिली होने से पूरे दिन राहत हर किसी को राहत मिली। सर्दी के मौसम में पहली बार हुई हल्की बूंदाबादी के बाद को लोगों को कोहरे और ठंड से निजात मिल गई। धूप हुई तो तापमान में भी दो डिग्री का उछाल दर्ज हुआ।
पूरे दिन धूप निकली रही। इससे लोगों को खासी राहत महसूस हुई। हवा का रुख पुरवा के बजाय पछुआ हो जाने से मंगलवार को भी मौसम के साफ होने व धूप निकलने की उम्मीद तो है, लेकिन सुबह के समय कुछ देर के लिए धुंध रह सकती है।
सोमवार की सुबह लोगों की आंख खुली तो आसमान साफ दिखा। सूर्य की किरणें जमीन पर उतरना शुरू हुईं दोपहर तक चटख रही। ठंड का असर कम होने से लोग धूप आनंद उठाते रहे। कुमारगंज स्थित नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार हवा का रुख बदलने का पूर्वानुमान सही निकला।
हवा का रुख उत्तरी पश्चिमी होने से बूंदाबांदी थमी व धूप का खेल शुरू हुआ है। मौसम विभाग का कहना था कि मंगलवार से आसमान के साफ रहने व धूप निकलने की उम्मीद तो है, लेकिन सुबह धुंध से लोगों को ठंड महसूस हो सकती है।
दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 24 दर्ज हुआ है। सुबह का न्यूनतम तापमान सामान्य साढ़े सात डिग्री रहा। जिले में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई है। इससे खेती को कोई खास लाभ नहीं मिला है।