रामनगरी का प्रसिद्ध चैत्र रामनवमी मेला मंगलवार से शुरू हो गया। नौ दिनों तक चलने वाले मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं व सुरक्षा के लिए प्रशासन का पुख्ता व्यवस्था का दावा है। मठ-मंदिरों में मेले को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। भक्ति कार्यक्रमों के आयोजन की धूम शुरू हो गई है।
सरयू के स्नान घाटों के साथ प्रमुख मंदिरों पर दर्शन-पूजन करने वाले पहले की अपेक्षा बढ़ गए हैं। मेले में भारी भीड़ आने के मद्देनजर प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया है। साकेत तीर्थयात्री केंद्र मेला कंट्रोल रूम में मेला व्यवस्था को लेकर बैठकों का दौर है।
पुलिस व प्रशासन के अफसर मेला क्षेत्र में कैंप कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे हैं। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए अफसरों ने अयोध्या में डेरा जाल दिया है।