अयोध्या-सोमवार को दीपोत्सव को लेकर तैयार किया द्वार।-संवाद
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। दीपोत्सव को लेकर तैयारी तेज हो गई है। दीपोत्सव के मुख्य पर्व 23 अक्तूबर को पहला दीया जैसे ही रामलला के गर्भगृह में जलेगा पूरी रामनगरी रोशन हो उठेगी। इस बार दीपोत्सव में मंदिर निर्माण की खुशी भी झलकेगी। पूरी अयोध्या में 20 लाख दीप जलाकर उल्लास प्रकट किया जाएगा।
कोरोना संक्रमण के दौरान पिछले दो साल बंदिशों के चलते सीमित स्तर पर दीपोत्सव का कार्यक्रम हुआ था। इस बार स्थिति अनुकूल है, ऐसे में दीपोत्सव को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी है। रामनगरी के मठ-मंदिर, चौक-चौराहों से लेकर घर-घर रोशन करने की योजना बन रही है। राम वनगमन मार्ग के मंदिरों में भी दीपक जलेंगे।
मंदिर निर्माण शुरू होने के बाद 2020 व 2021 में हुए दीपोत्सव में भक्तों के उल्लास पर कोरोना संक्रमण ने पाबंदी लगा रखी थी। दीपोत्सव में आम लोगों के आने पर मनाही थी। इस बार न तो कोरोना काल है और न ही कोई बंदिश। इसके अलावा पीएम नरेंद्र मोदी के भी दीपोत्सव में आने की संभावना जताई जा रही है। इन सबको देखते हुए दीपोत्सव को अलौकिक व अद्वितीय बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।
अयोध्या को सजाने व संवारने का काम तेज हो गया है। राम की पैड़ी के आसपास के मंदिरों को एक रंग में रंगा जा रहा है। पूरी अयोध्या को 20 लाख दीपों से रोशन किया जाएगा। अकेले राम की पैड़ी पर 15 लाख दीप जलाकर नया विश्वरिकार्ड बनाने की कोशिश है तो वहीं अयोध्या के 42 स्थानों पर पांच लाख से अधिक दीप जलेंगे।
पहली बार दीपोत्सव में आम लोगों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आम लोगों को दीपोत्सव के लिए आमंत्रित करेंगे। वहीं विश्व हिंदू परिषद द्वारा दीपोत्सव के दिन अपने-अपने घर में दीप जलाने का आह्वान किया जा रहा है।
दीपोत्सव में पीएम मोदी के आने की संभावना पर सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि यदि पीएम नरेंद्र मोदी आते हैं तो यह हम सबके लिए गौरवशाली क्षण होगा। पीएम मोदी के स्वागत के लिए पूरी अयोध्या तैयार है। कहा कि उनका कार्यक्रम पीएमओ तय करता है, हमारे पास कोई पुष्ट सूचना नहीं है। फिर भी पीएम मोदी अयोध्या आ रहे हैं तो दीपोत्सव व राममंदिर निर्माण की खुशी कई गुना बढ़ जाएगी।