पटरंगा। रानीमऊ चौराहे पर बाजार से लौट रहे मजदूर को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। घायल मजदूर की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के समय उसकी पत्नी भी साथ थी, जो बाल-बाल बच गई।
सुमित ब्रिक फील्ड रानीमऊ के भट्ठे पर काम करने वाला मजदूर गरीबन (50) निवासी गया बिहार अपनी पत्नी के साथ सोमवार शाम मवई चौराहे पर लगने वाली साप्ताहिक बाजार में गया था। वहां से लौटते समय रानीमऊ चौराहे पर सड़क पार करते समय उसे तेज रफ्तार एक बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे के दौरान पत्नी पीछे रह गई थी जिससे वह बाल-बाल बच गई।
पुलिस घायल मजदूर को सीएचसी मवई ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मौजूद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पटरंगा थाना प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि हादसा करने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।