अयोध्या। प्रदेश सरकार की ओर से नगर निगम अयोध्या को स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित करने के बाद अब करीब एक हजार करोड़ खर्च करने की तैयारी है। प्रमुख सचिव नगर विकास ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन सिटी बनाने के लिए सुविधाएं विकसित करने प्रस्ताव मांगे हैं। इसकी तैयारी में महकमा जुटा है, आईटीएमएस व एनीमल कंट्रोल एंड केयर यूनिट खोलने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
अयोध्या नगर निगम प्रशासन से स्टेट स्मार्ट सिटी योजना के लिए मांगे गए प्रस्तावों में कई अहम कार्य शामिल हैं। खासकर ग्रीन बेस सिटी योजना व भव्य अयोध्या का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसे शासन को भेजने की तैयारी है। शासन में समीक्षा कर धन आवंटन के बाद काम शुरू होगा। प्रदेश के 17 जिले स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित हैं, जिसमें सात जिलों को प्रदेश सरकार ने अपने स्मार्ट सिटी में चयनित किया है।
इसमें अयोध्या को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए विशेष रूप से चयनित किया गया है। अभी एक सप्ताह पूर्व प्रमुख सचिव ने बैठक कर स्टेट स्मार्ट सिटी के चयनित सात जनपदों से जल्द से जल्द प्रस्ताव देने की बात कही थी। इसके बाद अयोध्या में स्मार्ट सिटी का प्रस्ताव बनाने के कार्य में तेजी आई है। बताया जा रहा है कि करीब एक हजार करोड़ खर्च करने का प्रस्ताव तैयार हो रहा है।
नगर निगम प्रशासन ने एंटीग्रेटर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम आईटीएमएस व एनीमल कंट्रोल एंड केयर यूनिट का प्रस्ताव भेज दिया है। इसमें साथ ही दो नए प्रस्ताव ग्रीन बेस सिटी योजना व भव्य अयोध्या का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। एक पखवारे के भीतर इन दोनों प्रस्तावों को भी शासन को भेज दिया जाएगा। शासन से बजट आवंटन के बाद कार्य शुरू हो सकेगा।
नगर निगम प्रशासन की ओर से इंटीग्रेटर ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के लिए 382 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसमें अयोध्या के सभी चौराहों में आटोमैटिक कैमरे, कमांड एडं कंट्रोल रूम, फेस डिडेक्टर सहित अन्य सुविधाएं होंगी। इसमें हर आने जाने वाले पर कैमरों की निगाह होगी। पूरे सिस्टम को संचालन अयोध्या नगर निगम, पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन के सहयोग से होगा।
अयोध्या में स्मार्ट सिटी के तहत एनीमल कंट्रल एंड केयर यूनिट की स्थापना की जानी है। नगर निगम ने 9.72 करोड़ रुपये की लागत से योजना को परवान चढ़ाने की योजना बनाई है। प्रस्ताव के अनुसार इसमें अयोध्या के मसौधा में स्थिति सीबीओ हास्पिटल में जानवरों की देखरेख के लिए के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। इसमें किसी भी छुट्टा जानवर के चोटिल होने पर सीधे हॉस्पिटल भेजने की व्यवस्था होगी। साथ ही छुट्टा जानवरों की स्थिति को कंट्रोल करने के लिए टीके लगाए जाने की व्यवस्था होगी। इससे जानवरों की प्रजनन क्षमता को कम किया जा सकेगा।
स्मार्ट सिटी के अंतर्गत दो प्रोजेक्ट ग्रीन बेस सिटी व भव्य अयोध्या का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके कई कंपनियां अपना प्रजेंटेशन दे चुकी है। इसमें अयोध्या में सभी मुख्य द्वारों पर प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। साथ ही शहर के चौराहे व दीवारें रामनगरी में होने का एहसास कराएंगी। साथ ही ग्रीन बेस सिटी के रूप में अयोध्या को विकसित किया जाएगा। यह दोनों प्रस्ताव जल्द ही तैयार कराकर शासन को भेजने की तैयारी है।
प्रदेश सरकार ने अयोध्या को स्टेट स्मार्ट सिटी के रूप में चयनित किया है। इसमें मुख्य सचिव की बैठक के बाद प्रमुख सचिव नगर विकास ने प्रस्ताव मांगें हैं। नगर निगम ने आईटीएमएस व एनीमल केयर एंड कंट्रोल यूनिट का प्रस्ताव भेज दिया है। साथ ही दो अन्य प्रस्ताव को बनाया जा रहा है। जल्द ही इसको भी भेज दिया जाएगा। शासन से बजट आवंटन के बाद कार्य शुरू हो सकेगा।- विशाल सिंह, नगर आयुक्त अयोध्या