अयोध्या। वीकेंड लॉकडाउन के चलते रविवार को रामनगरी के मठ-मंदिर बंद रहे। रामलला भी लॉकडाउन में रहे। दूर-दूर से आए भक्त हनुमानगढ़ी सहित रामलला के दरबार में भक्त पूजन-अर्चन नहीं कर सके।
भक्तों को हनुमानगढ़ी के प्रवेश द्वार व रामजन्मभूमि के रंगमहल बैरियर से ही पुलिस ने लौटा दिया। पुलिस रविवार को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराती दिखी। शहर की सीमाओं पर यातायात डायवर्जन लागू रहा।
रामकोट क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था। पिछले वीकेंड लॉकडाउन में अन्य मंदिर में दर्शन पर रोक रही लेकिन रामलला का दरबार भक्तों के लिए खुला था, लेकिन इस बार वीकेंड लॉकडाउन में रामलला का दरबार भी बंद कर दिया गया है।
दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर, सुल्तानपुर, बस्ती आदि जिलों से आए भक्त रामलला व हनुमान जी का दर्शन नहीं कर पाने को लेकर निराश दिखे। लखनऊ से धर्मेंद्र सिंह सपरिवार अयोध्या दर्शन-पूजन को आए थे।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें रंगमहल बैरियर से ही यह कहकर वापस कर दिया कि लॉकडाउन के कारण मंदिर बंद है। कहा कि अयोध्या आकर रामलला का दर्शन करने की इच्छा अधूरी रह गई है।
दिल्ली से आए बृजेंद्र व दिनेश सैनी भी रामलला का दर्शन नहीं कर पाने से निराश दिखे। बताया कि जब से रामलला अस्थाई मंदिर में विराजे हैं, उनके दर्शन की अभिलाषा थी। कुछ कारणों से अयोध्या नहीं आ पा रहे थे, आज अयोध्या आए भी थे।
टेंट से बाहर अस्थाई मंदिर में विराजित रामलला का दर्शन नहीं मिल सका। निराशा तो है, लेकिन प्रभु की यही इच्छा मानकर वापस जा रहे हैं, दोबारा जब प्रभु की इच्छा होगी जरूर आएंगें।