अयोध्या। अस्थायी मंदिर में विराजे रामलला की हर रोज पांच बार आरती होती है। वहीं अब निर्माणाधीन मंदिर के गर्भगृह की भी आरती उतारी जाने लगी है। बृहस्पतिवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें पुजारियों द्वारा गर्भगृह स्थल की आरती उतारी जा रही है।
यह वही स्थल है जहां रामलला भाईयों समेत सोने के सिंहासन पर विराजमान होंगे। सोने के सिंहासन के भी निर्माण की कवायद शुरू हो चुकी है। वीडियो में आरती के दौरान भगवान श्रीराम की आरती का भजन श्रीरामचंद्र कृपालु भज मन हरण भव भय दारूणम... भी गूंज रहा है। बताया गया कि जब से नए मंदिर में गर्भगृह के फर्श का काम पूरा हुआ है, तब से गर्भगृह स्थल की भी आरती उतार कर यह हर रोज दीप जलाया जाता है। अस्थायी मंदिर में आरती के बाद पुजारी यहां भी विधिविधान पूर्वक सुबह व शाम आरती उतारते हैं। -संवाद