अयोध्या। सांसद लल्लू सिंह व मंडलीय रेल प्रबंधक (कामर्शियल) एके सिंह ने अयोध्या स्थित रामघाट हाल्ट का निरीक्षण किया। बताया गया कि रामघाट हाल्ट को पूर्ण स्टेशन का दर्जा प्रदान किये जाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, इसे श्रद्धालुओं की अपेक्षा के अनुरूप विकसित किया जायेगा।
सांसद ने बताया कि रामघाट हाल्ट को पूर्ण स्टेशन का दर्जा दिये जाने का मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। यह प्लान तीन भागों में विभक्त होगा जिसमें शार्ट टर्म, मीडियम टर्म व लांग टर्म में किये जाने वाले काम शामिल हैं। यहां प्लेटफार्म बड़ा करने के साथ यात्रियों के शेड व बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था की जायेगी।
उन्होंने बताया कि सरयू स्नान के लिए ट्रेन से आने वाले श्रद्धालु रामघाट हाल्ट का प्रयोग करते हैं। यहां यात्रियों के रुकने व पेयजल समेत सभी बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जायेगा। काफी दिनों से इसकी मांग श्रद्धालुओं द्वारा की जा रही थी। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।