अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय में अरबों की योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने हनुमानगढ़ी व रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई।
उन्होंने रामलला की पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर निर्माण के लिए नींव भराई का काम भी देखा और प्रगति जानी। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले रामद्रोही हैं।
उन्होंने समाजवादी पार्टी व आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं उन्होंने राम के लिए कभी भी कोई काम नहीं किया और ना ही करेंगे।
उनकी मंशा है कि राम मंदिर निर्माण का कार्य रुक जाए लेकिन उनके इन निराधार आरोपों से न तो राममंदिर का काम रुकेगा न रामभक्तों की आस्था प्रभावित होगी। मामले को ट्रस्ट स्वयं देख लेगा ऐसे लोगों की दलील की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कहा कि रामलला के दर्शन कर मन प्रसन्न है, अपने प्रभु के मंदिर निर्माण को देखते हुए अपार खुशी महसूस हो रही है। रामलला की कृपा से ही प्रदेश का हम तेजी से विकास करने को प्रतिबद्ध हैं।
इससे पूर्व उन्होंने राम मंदिर निर्माण के लिए चल रहे काम का जायजा लिया। इंजीनियरों की टीम ने डिप्टी सीएम को बताया कि अक्तूबर के अंत तक नींव भराई का कार्य पूरा हो जाएगा।
इस दौरान उनके साथ प्रदेश के राज्यमंत्री सुरेश पासी, गोसाईगंज विधायक खब्बू तिवारी, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, जिला अध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, रामकोट वार्ड के पार्षद पुजारी रमेश दास, विहिप के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा भी मौजूद रहे।