अयोध्या। अयोध्या मामले में दायर तमाम पुनर्विचार याचिकाओं को सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को खारिज कर दिया। पुनर्विचार याचिकाओं में कोर्ट से नौ नवंबर के फैसले पर पुनर्विचार का अनुरोध किया गया था।
याचिकाएं खारिज होने पर रामनगरी में एक बार फिर हर्ष का माहौल दिखा। रामनगरी के संतों ने अदालत के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि राममंदिर निर्माण का मार्ग अब पूरी तरह से प्रशस्त हो चुका है।
गुरुवार को याचिका खारिज करने के फैसले ने रामनगरी को एक बार फिर उत्साह से भर दिया। साधु-संत सहित राममंदिर के समर्थकों ने सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए हर्ष मनाया। रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष व विश्व हिंदू परिषद ने भी इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि अदालत ने एक बार फिर सत्य की विजय को पुनर्स्थापित करने का काम किया है।