अयोध्या। कार्तिक पूर्णिमा मेला व अयोध्या विवाद पर आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद करीब चार दिनों से बंदिशों का दंश सह रही अयोध्या बुधवार को अपने पुराने रंग में नजर आई।
चौदह कोसी परिक्रमा से चल रही छुट्टियों के बाद बुधवार को सभी स्कूल व कॉलेज खुले तो माहौल में रौनक आ गई। ऑटो-विक्रम पर लगा प्रतिबंध भी लगभग समाप्त हो गया।
इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना भी नहीं करना पड़ा। वहीं, बुधवार को बैरियरों पर सुरक्षा के इंतजामों में भी कटौती की गई। अयोध्या आने-जाने वाले लोगों की तलाशी व आईडी चेकिंग अभियान भी धीमा पड़ गया। फिलहाल श्रीरामजन्मभूमि जाने वाले मार्गों पर बैरियर लगे हुए हैं। यहां सुरक्षा बल अभी भी निगरानी रख रहे हैं।
करीब चार दिनों तक बंदिशों के साये के बावजूद सामान्य रही अयोध्या में बुधवार से सुरक्षा में हल्की ढील दी गई। इस दौरान बैरियर पर लगे अर्धसैनिक बलों की संख्या में कमी गई लेकिन पुलिस बल पहले की तरह तैनात रहा।
अयोध्या के प्रवेश द्वार जालपा देवी चौराहा, टेढ़ी बाजार, श्रीराम अस्पताल, बंधा तिराहा नयाघाट, साकेत पेट्रोल पंप आदि के पास लगे बैरियर थोड़ा सा खिसक गए। लोग बेरोकटोक अंदर आते-जाते रहे। वहीं श्रीरामजन्मभूमि जाने वाले सभी छोटे-बड़े मार्गों पर लगे बैरियर अभी लगे हुए हैं।
शृंगारहाट बैरियर को छोड़ किसी अन्य रास्तों से लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। स्थानीय लोग व दुकानदार आईडी दिखाने के बाद ही प्रवेश पा रहे थे। फिलहाल अभी भी सरयू घाट समेत मुख्य मार्ग, गलियों-चौराहों पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहे।
श्रीरामजन्मभूमि परिसर समेत हनुमानगढ़ी, नागेश्वरनाथ, कनक भवन समेत अन्य प्रमुख मठ मंदिरों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसपी सिटी विजयपाल सिंह ने बताया कि अयोध्या आने-जाने पर किसी तरह की रोक न पहले थी और न अब है।
खुफिया एजेंसियां व सुरक्षा बल हर आने जाने वाले लोगों पर निगाह रख रही है। स्थानीय लोगों को कुछ छूट दी गई है लेकिन बाहरी व संदिग्ध लोगों की तलाशी व आईडी चेकिंग के बाद ही अयोध्या में प्रवेश दिया जा रहा है।
स्कूल-कॉलेज खुले, बाजारों में लौटी रौनक
बीते करीब एक सप्ताह से बंद स्कूल-कॉलेज बुधवार को खुल गए। अयोध्या के साकेत महाविद्यालय, महाराजा इंटर कॉलेज, तुलसी कन्या इंटर कॉलेज, परमा एकेडमी, महाराजा पब्लिक स्कूल, महर्षि एकेडमी, जनता अवध इंटर कॉलेज, मधुसूदन विद्या मंदिर समेत अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों की मौजूदगी से चहल-पहल बनी रही।