अयोध्या। भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित संगीत एलबम बनाया जाएगा। इसके साथ ही भजन संध्या स्थल, रामकथा संकुल में ऑडीटोरियम, मुक्ताकाशी प्रेक्षागृह का व्यावसायिक संचालन किया जाएगा। बृहस्पतिवार को अयोध्या संरक्षण एवं विकास निधि समिति की बैठक में इसे अंतिम रूप दिया गया।
अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में कमिश्नर गौरव दयाल ने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र पर आधारित संगीत एलबम बनाए जाने में डीएम संतकबीरनगर महेंद्र सिंह तंवर और साहित्यकार/ लेखक यतींद्र मोहन मिश्र सहित अन्य प्रमुख साहित्यकारों से सहयोग लिए जाने के लिए कहा।
अयोध्या स्थित भजन संध्या स्थल, राम कथा संकुल में ऑडीटोरियम, मुक्ताकाशी प्रेक्षागृह के व्यावसायिक संचालन के लिए ई-टेंडर के माध्यम से चयनित फर्मों के साथ एमओयू हस्ताक्षर करने की बात तय हुई। समिति ने अयोध्या में दीपोत्सव के आयोजन में राम की पैड़ी और अन्य प्रमुख मंदिरों पर विभिन्न अवसरों पर प्रज्ज्वलित दीपों को संकलित कर ई-दीपोत्सव प्रसाद मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए बिक्री किए जाने को लेकर भी चर्चा की। बैठक में उपाध्यक्ष एडीए/नगर आयुक्त विशाल सिंह, मुख्य कोषाधिकारी ममता सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी शितांशु पांडेय, उप निदेशक पर्यटन राजेन्द्र प्रसाद यादव आदि मौजूद रहे।