अयोध्या। राममंदिर बनने के साथ ही अयोध्या में दर्शनार्थियों की संख्या कई गुना बढ़ जाएगी। इसको देखते हुए दर्शनार्थियों की सुविधाओं पर फोकस तेज हो गया है। राममंदिर के पास पांच पार्किंग बनाई जाएगी। साथ ही अयोध्या में श्रद्घालुओं के लिए इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना भी नगर निगम ने बनानी शुरू कर दी है।
पांच अगस्त को राममंदिर का भूमिपूजन होने के बाद से ही राममंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। राममंदिर के निर्माण के साथ ही शेष 65 एकड़ की भव्यता के लिए भी प्लान बन रहा है तो वहीं प्रशासन रामलला के दर्शनार्थियों की सुविधा को लेकर भी योजना बनाने में जुट गया है। इसी को लेकर डीएम, नगर आयुक्त व महापौर विगत दिनों रामजन्मभूमि सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास का खाका खींचने में जुट गए हैं।
महापौर ऋषिकेश उपाध्याय बताते हैं कि भगवान राम को मानने वाले लोग विश्व के कई देशों में हैं। ऐसे में स्वाभाविक है कि राममंदिर बनने पर विदेशों से भी बड़ी संख्या में भक्त अयोध्या पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्घालुओं की सुविधाओं को लेकर योजनाएं बनाई जा रहीं हैं।
राममंदिर के पास पांच स्थलों पर पार्किंग बनाई जाएगी। मल्टीलेवल पार्किंग बनाए जाने की भी योजना है। इसके लिए दो स्थलों कटरा व पुुराना बस स्टाप का चयन किया जा सका है। कटरा स्थित नजूल की जमीन पर 500 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा राममंदिर के आसपास की सड़कों के चौड़ीकरण सहित सीवेज, ड्रेनेज सुविधा का भी प्रस्ताव है। इन सभी पर शीघ्र ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
राममंदिर से सटे क्षेत्रों को प्रदूषण मुक्त बनाने की योजना
रामनगरी के वातावरण को शुद्घ रखने पर भी फोकस है। राममंदिर के आसपास का क्षेत्र प्रदूषण मुक्त हो इसलिए हरियाली भी ज्यादा जोर होगा। साथ ही सरयू घाटों से लेकर पूरे अयोध्या में सॉलिड और लिक्विड वेस्ट को ट्रीट करने वाली तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। यहीं नहीं रामकथा पार्क से इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। नगर निगम ने इसकी योजना बनानी शुरू कर दी है। जो श्रद्घालुओं को रामलला सहित रामनगरी के अन्य पौराणिक मठ-मंदिरों व स्थलों तक ले जाएंगी। प्रयास होगा कि रामनगरी में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएं।
राममंदिर के आसपास के इलाके को दी जाएगी भव्यता: महापौर
अयोध्या। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय बताते हैं कि अयोध्या आते ही भक्तों को रामजन्मभूमि में प्रवेश करना का अहसास हो जाए, इसकी योजना बन रही है। राममंदिर मॉडल का स्टेशन, भगवान राम के नाम पर एयरपोर्ट का काम शुरू हो चुका है। अयोध्या के वृहत्तर विकास के लिए ग्लोबल टेंडर भी हो चुका है। चौड़ी सड़कें, सीवेज, ड्रेनज सिस्टम भी रामनगरी की व्यवस्था सुधारेंगे। दस होटल बनाए जाने का भी प्रस्ताव है। राममंदिर के आसपास के इलाके को राममंदिर के अनुरूप ही विकसित किया जाएगा, रामकोट क्षेत्र पर खास फोकस होगा, इसका प्लान तैयार हो रहा है।