अयोध्या। राममंदिर के भूमि पूजन को लेकर पूरे भारत के पवित्र तीर्थों की मिट्टी व जल कलश का अयोध्या पहुंचने का क्रम जारी है। गुरुवार को सुल्तानपुर, छपिया, हरियाणा सहित अन्य क्षेत्रों से मिट्टी व कलश अयोध्या पहुंचा।
इसी क्रम में रामायण काल के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल धोपाप सुल्तानपुर से भारतीय रेलवे के पूर्व महाप्रबंधक एवं लंभुआ सुल्तानपुर के वर्तमान भाजपा विधायक देवमणि द्विवेदी ने अपने समर्थकों सहित धोपाप धाम की पवित्र देवतुल्य मिट्टी एवं जल को विधिवत पूजा अर्चना करने के पश्चात, अयोध्या में लाकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को समर्पित किया। मान्यता है कि धोपाप धाम में ही प्रभु श्री राम ने लंका विजय के पश्चात ब्रह्म हत्या (रावण) का पाप धोने के लिए स्नान एवं रात्रि विश्राम किया था।
इस अवसर पर विधायक देवमणि द्विवेदी ने कहा कि ऐसे पुनीत कार्य से न केवल सरयू गोमती की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। बल्कि 5 अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी जी द्वारा किए जाने वाले ऐतिहासिक पूजन में लंभुआ की जनता का समर्पण भी उल्लिखित होगा। इस दौरान दयानंद पांडेय, राजित राम पांडेय, रजनीश पांडेय, महेंद्र द्विवेदी, अमन सिंह आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में विष्णु मंदिर बालाजी धाम गन्नौर से श्रीराममंदिर निर्माण हेतु मिट्टी लाई गई जिसे ट्रस्ट को सौंपा गया। मिट्टी सौंपने वालों में बालाजी,सन्नी, मनोज त्यागी, सत्यम आदि मौजूद रहे। वहीं विहिप के नंदिनी नगर प्रखंड गोंडा के छपिया से श्री स्वामी नारायण मंदिर की मिट्टी व नारायण सरोवर का जल दो कलश में लाकर ट्रस्ट को सौंपा गया। सौंपने वालों में रामकुमार गुप्ता, अजित शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।