अयोध्या। राममंदिर निर्माण से पहले परिसर की मिट्टी का परीक्षण किया जाएगा। शनिवार को रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र के साथ अयोध्या दौरे पर आई टीम मृदा परीक्षण के लिए मिट्टी अपने साथ ले गई। सूत्रों के मुताबिक टीम परीक्षण के लिए परिसर की मिट्टी भी ले गई है। जिसे दिल्ली में विशेष टीम के द्वारा परीक्षण कराया जाएगा।
वहीं, दूसरी तरफ परिसर में रामलला को शिफ्ट करने को लेकर भी तेज गति से काम चल रहा है। जेसीबी मशीन से समतलीकरण कराया जा रहा है तो वहीं करीब एक दर्जन मजदूर साफ-सफाई में लगे हुए हैं।
सुरक्षा का खाका खींचा जा रहा है। माना जा रहा है कि नवरात्र शुरू होने से पूर्व ही रामलला नए स्थाल पर शिफ्ट हो जाएंगे। इससे पूर्व शनिवार को नृपेंद्र मिश्र के साथ आई तकनीकी टीम ने रामजन्मभूमि परिसर की साइट विजिट के साथ मैंपिंग भी की है। रामजन्मभूमि ट्रस्ट के सदस्य डॉ.अनिल मिश्र के अनुसार मृदा परीक्षण के लिए तकनीकी टीम ने मिट्टी परखी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर काम की गति आगे बढ़ाई जाएगी।
रामजन्मभूमि परिसर में मिलेगा मुफ्त भोजन
राममंदिर परिसर में सीता रसोई भी आकर्षण का केंद्र होगी। सूत्र बताते हैं कि रामजन्मभूमि परिसर में स्थित सीता रसोई मंदिर को नए सिरे से भव्यता प्रदान की जाएगी। सीता रसोई में रामलला का दर्शन करने आने वाले भक्तों को नि:शुल्क भोजन प्रदान करने की प्लानिंग की जा रही है। यहां रसोई के माध्यम से भक्तों को 24 घंटे नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराए जाने की योजना है।