अयोध्या। सुप्रीम कोर्ट से अयोध्या फैसले के खिलाफ सभी पुनर्विचार याचिकाएं खारिज होने के बाद अब रामलला के प्रस्तावित मंदिर की भव्यता को लेकर विमर्श छिड़ गया है।
संतों में राममंदिर के साथ-साथ भव्यतम नगरी की भी चाहत है। संतों व प्रबुद्धजनों का कहना है कि अब शीघ्र ही राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा और रामलला टेंट से आजाद होंगे।
अयोध्या में राममंदिर निर्माण की सभी बाधाएं समाप्त होने के बाद जहां अयोध्या मे खुशी की लहर है। लोगों में न्यास के स्वरूप को लेकर भी कौतुहल बना हुआ है।
रामनगरी को राममंदिर के आकार के साथ न्यास के स्वरूप की तस्वीर साफ होने का इंतजार है। विहिप जहां अपने मंदिर मॉडल को अपनाने की बात कह रही है। वहीं रामालय ट्रस्ट विहिप के मॉडल को खारिज करते हुए भव्यतम मंदिर निर्माण की बात करता है। अब राममंदिर न्यास का स्वरूप कैसा होगा और इसमें किसे नुमाइंदगी का मौका मिलेगा? इसको लेकर जिज्ञासा के साथ अनुमान भी लग रहे हैं।