कोई सुराग न मिलने पर मामले की जानकारी अधिकारियों को दी गई तो प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक ने मामले में आरजेबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बताया गया कि बाल कारागार में निरुद्ध अंबेडकरनगर निवासी एक बाल अपचारी को तबियत बिगड़ने के बाद बाल कारागार प्रशासन की ओर से उपचार के लिए शनिवार को अयोध्या के श्रीराम चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था।
बाल कारागार प्रशासन की डिमांड पर उपचार के लिए भर्ती बाल अपराचारी की सुरक्षा में पुलिस लाइन के चार सिपाहियों की ड्यूटी लगाई गई थी। शनिवार की मध्य रात्रि अस्पताल में भर्ती बाल अपचारी मौके से फरार हो गया और इस बात की भनक सुरक्षा में तैनात चारों सिपाहियों को नहीं लगी।
भोर में मामले की जानकारी होने पर अस्पताल परिसर से लेकर पुलिस महकमे में हलचल मच गई। जानकारी अधिकारियों को मिली तो से फरार बाल अपचारी की तलाश के लिए उसके अंबेडकरनगर निवासी से संबंधित थाना तथा अन्य को अलर्ट कर दिया गया।
सुरक्षा में लगाए गए चारों सिपाही भी फरार बाल अपचारी की तलाश में निकल लिए, हलांकि खबर लिखे जाने तक फरार बाल अपचारी की लोकेशन नहीं मिल पाई है। प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए थाना रामजन्मभूमि पुलिस को शिकायत पुलिस लाइन के प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक ने दी है।
इस बाबत रविवार को पुलिस कार्यालय ने बताया कि थाना रामजन्मभूमि पुलिस ने प्रभारी रिजर्व पुलिस लाइंस उपनिरीक्षक संतराज यादव की लिखित शिकायत पर श्रीराम अस्पताल से फरार बाल अपचारी समेत सुरक्षा में तैनात सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फरार बाल अपचारी की तलाश की जा रही है। सुरक्षा में लगे कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।