फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश से किसान बेहाल, तेज हवा से फसलों की बर्बादी शुरू

विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। पिछले दो दिन से हो रही रिमझिम बारिश के साथ तेज हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। धान व गन्ने की फसल के लेट जाने के साथ ही सब्जी, केला व मेंथा आदि की फसलों की बर्बादी शुरू हो गयी है। मौसम विभाग अभी किसी सुधार की संभावना नहीं जता रहा है। वहीं, लगातार हो रही बारिश के कारण दूसरे दिन भी कई लोगों के आशियाने ढह गए।
विज्ञापन

बारिश से मौसम तो ठंडा हो गया है लेकिन किसानों के लिए अब यह मौसम आफत साबित हो रहा है। रिमझिम बारिश के साथ चल रही तेज हवा फसलों के लिए कहर बनकर टूट रही है। तेज हवा के प्रकोप से धान व गन्ने की फसल खेतों में ही लोट गई है।
इससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही हैं। माना जा रहा है कि यदि मौसम में सुधार न हुआ तो धान में फली नहीं लग पाएगी। वहीं, हजारों रुपये खर्च करके गन्ने की फसल तैयार कर रहे किसान भी मायूस नजर आ रहे हैं।
विज्ञापन

खेतों में फसल के गिरने के कारण धान व गन्ने की पैदावार में कमी आने की आशंका है। इसके साथ ही सब्जी, मेंथा व केला आदि की फसल भी बर्बाद होने के कगार पर है।
तारुन प्रतिनिधि के अनुसार धान की फसल में बालियां निकल रही हैं जिनके झड़ जाने की आशंका है। बालापुर मजरे के किसान मनीराम ने कहा कि जीतोड़ मेहनत करके फसल उगाई थी लेकिन बारिश के साथ तेज हवा से फसल खेतों में गिर गई, गाढ़ी कमाई डूबने की आशंका है।
नंदापुर के किसान संतोष पांडेय ने कहा कि करीब दो बीघे फसल तेज हवा चलने के कारण लोट गई है। लगातार हो रही बारिश से भारी नुकसान हुआ है। जयसिंहमऊ मजरे कुंडवा के रामजी ने कहा कि दो बीघे की गन्ने की फसल गिर जाने से काफी हानि हुई है।
गुरुवार सुबह से हो रही बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में कई कच्चे मकान धराशाई हो गए और लोग बेघर हो गए। ग्राम पंचायत कोछा मजरे पूरे शिव गुलाम पांडेय निवासी सहजराम यादव का आवासीय खपरैल का घर भरभरा कर ढह गया।
हादसे में सहजराम को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं जबकि उनकी पत्नी शांति देवी (52) का पैर टूट गया। ग्रामीणों की मदद से दंपती को मलबे से निकालकर सीएचसी बीकापुर ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार रात कोछा मठिया गांव निवासी सुरेश कुमार पाल का कच्ची दीवार का मकान धराशाई हो गयाह। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कोछा खास गांव निवासी फूलचंद मौर्य का मकान गुरुवार/शुक्रवार की रात भरभराकर गिर गया।
हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। दीवार गिरने से बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया। गांव निवासी मो. शोएब, रहमत उल्ला, यार मोहम्मद आदि ने बताया कि पावर कारपोरेशन को सूचना देने पर आपूर्ति तो बंद कर दी लेकिन टूटे खंभे को ठीक नहीं कराया गया, तार लटक रहा है।
कोछा मजरे कुमार पांडे निवासी राधेश्याम यादव, विशंभर यादव, पूरे शिव गुलाम पांडे निवासी सीमा गौड़, सत्रोहन पांडेय, रुचि पांडे व राममिलन विश्वकर्मा आदि का मकान ढह गया। ग्राम प्रधान मो. मुस्लिम शेख ने बताया कि तहसील प्रशासन को सूचित कर दिया गया है।
कोछा लेखपाल प्रहलाद प्रसाद ने बताया कि जानकारी मिली है लेकिन अभी हम लोगों का प्रदेश स्तरीय धरना चल रहा है, धरना समाप्त होने के बाद कार्रवाई की जाएगी। चौरे बाजार प्रतिनिधि के अनुसार बीकापुर तहसील क्षेत्र के तकिया कस्बा निवासी शाहजहां का कच्चा मकान गिर गया।
शाहजहां मलबे की चपेट में आकर जख्मी हो गई। उसका उपचार क्षेत्र के एक निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है। मकान गिरने की सूचना लेखपाल को दे दी गई है। परसूही ग्राम पंचायत के प्रधान श्याम बहादुर पाल ने बताया कि रूद्र नारायण, बृजनाथ, झनकू प्रसाद, अच्छेलाल, राम बहोर, शेष नारायण, अवधेश के आवासीय मकान का कुछ भाग बरसात की वजह से गिर गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें