महबूबगंज/कुचेरा बाजार। भारी बारिश के बीच आई आंधी में कई घरों के छप्पर व दीवारें ढह गईं। महबूबगंज में बारिश के बीच दीवार गिरने से एक बालिका की मौत हो गई। वहीं इनायत नगर थाना क्षेत्र के कई गांवों में कहर ढाया। तेज हवा में छप्पर, टिन शेड व पक्की दीवार ढह गई।
थाना गोसाईगंज के महबूबगंज क्षेत्र में शनिवार से हो रही मूसलाधार बारिश से कच्ची दीवार गिरने से एक बालिका की मृत्यु हो गई। रविवार सुबह लगभग 10 बजे उनियार गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद की लड़की मालती (3) बच्चों के साथ खेल रही थी।
अचानक धर्मेंद्र कुमार की कच्ची दीवार गिरने से बच्ची उसकी चपेट में आ गई। वह दीवार के नीचे दब गई। शोर सुनकर ग्रामीणों ने बच्ची को मिट्टी के ढेर से निकाला लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे गोसाईंगंज थाना के सब इंस्पेक्टर राम प्रकाश सिंह ने परिवार को पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाया परंतु परिवार के लोग तैयार नहीं हुए।
ग्राम प्रधान उनियार राघव सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुनील वर्मा आदि की उपस्थिति में पंचनामा भरकर लाश का दाह संस्कार कर दिया गया। वहीं बरसात से शेरवाघाट निवासी बखेदू का खपरैल का मकान गिर गया। जिसकी सूचना ग्राम प्रधान दिलीप कुमार विमल ने हल्का लेखपाल को दिया।
बरसात से महबूबगंज क्षेत्र की 18 घंटे से विद्युत आपूर्ति बाधित है। जबकि इनायतनगर थाना क्षेत्र के ही मवई कला गांव अंतर्गत पूरे रघुनाथ निवासी दिनेश तिवारी ने पक्की ईंटों की दीवार के ऊपर सीमेंट की चद्दर रोप रखा था। तूफान में हवा के झोंकों के चलते जहां एक और सीमेंट की चद्दर उखड़कर लगभग 300 मीटर दूर जा गिरी। वहीं पक्की दीवार भी गिर गई। इसके अलावा गांव के अन्य कई ग्रामीणों के छप्पर तथा टिन शेड के साथ-साथ पेड़ भी धराशाई हो गए। तहसीलदार मिल्कीपुर अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि ऐसा मामला उनके संज्ञान में नहीं है। फिलहाल क्षेत्रीय राजस्व कर्मियों से अभी तत्काल रिपोर्ट मंगाई जा रही है।