फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya News: गर्मी से राहत, फसलों को संजीवनी

Wed, 23 Aug 2023 12:27 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या
विज्ञापन
विज्ञापन
अयोध्या। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश से सूख रही फसलों को संजीवनी मिल गई। मंगलवार भोर से शुरू हुई बारिश का क्रम दोपहर बाद तक जारी रहा। बारिश से पीली पड़ रही धान व गन्ने की फसल को फायदा हुआ जबकि सब्जियों की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
विज्ञापन

मंगलवार को अयोध्या-फैजाबाद शहर समेत रुदौली, मिल्कीपुर, सोहावल, बीकापुर तहसील समेत गोसाईगंज, मया आदि इलाकों में अच्छी बरसात हुई। इससे किसानों के चेहरे खिल गए। वहीं भीषण गर्मी व उमस से भी लोगों को राहत मिली। बीकापुर क्षेत्र में पिछले एक पखवाड़े से बरसात न होने से धान की फसल पीली पड़ रही थी और खेत में दरारेें दिख रही थीं लेकिन इस बरसात से एक बार फिर किसानों की उम्मीदें जिंदा हो गई हैं। उमरनी पिपरी निवासी गन्ना किसान कपिल देव पाठक, नींबू लाल कनौजिया, सूल्हेपुर निवासी बच्चू लाल प्रजापति, शारदा वर्मा, मलेथू कनक निवासी अमरनाथ पांडे, महावा निवासी कमल शुक्ला, रतनपुर तेंदुआ निवासी सुरेंद्र सिंह, शेरपुर पारा निवासी रज्जू वर्मा, अनिल वर्मा आदि ने बताया कि सोमवार रात से रिमझिम बरसात के चलते काफी राहत मिली है।
गन्ना किसानों ने यह भी कहा कि बरसात होने के साथ यदि हवा चली तो गन्ने की फसल को नुकसान हो सकता है और पैदावार पर असर पड़ सकता है। सब्जी किसान लालमणि निषाद, सुरेश कुमार चौबे, राकेश वर्मा, मनोहर लाल वर्मा, राकेश साहू आदि ने कहा कि धीमी बरसात होने के चलते अभी सब्जियों की फसल के खेतों में जलभराव नहीं हो पाया है। सिर्फ नेनुआ, तोरई, लौकी, कद्दू आदि लता वाली सब्जियों की फसल को आंशिक नुकसान हुआ है। यदि बरसात ज्यादा हुई तो खेतों में पानी भर जाने और बाद में धूप होने पर पौधों में गलन शुरू हो जाएगी।
विज्ञापन

तारुन क्षेत्र के बालापुर के किसान राम नायक मिश्रा ने कहा कि सुबह से हो रही बारिश से अब उम्मीद की जा सकती है कि फसल कुछ अच्छी हो जाएगी। ककोली के किसान अर्जुन सिंह का कहना है कि इस बार बारिश ने पूरी तरह नाउम्मीद कर दिया था। लेकिन मंगलवार सुबह से हो रही बारिश से फसलों में जैसे जान आ गई है।
-
स्टे पोल में उतरे करंट से किसान व भैंस की मौत
तारुन। क्षेत्र के माहनमऊ गांव में बिजली पोल के स्टे वायर में उतरे करंट की चपेट में आने से एक किसान व उसकी भैंस की जान चली गई। ग्राम प्रधान प्रदीप गुप्ता ने बताया कि गांव निवासी मनवीर कनौजिया (48) घर से कुछ दूर गांव के बाहर अपने खेत में लगे नलकूप पर पालतू पशुओं के साथ रहते थे। मंगलवार सुबह दस बजे भैंस को सरिया से निकालकर बाहर बांधने जा रहे थे, तभी भैंस झटके से तालाब की तरफ भागी और बारिश से खंभे में लगे स्टे तार में उतर रहे करंट से छू गई, जिससे उसकी तड़प कर मौत हो गई। वहीं बचाव में दौड़े भैंस मालिक मनवीर कनौजिया भी करंट की चपेट में आए गए, जिससे उनकी भी मौत हो गई। तारुन थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।



बारिश तेज हुई तो होगा फूलों व सब्जियों को नुकसान
महबूबगंज क्षेत्र में सब्जी किसान पलक धारी ने बताया कि सब्जी की फसलों में पानी भर जाने से पौधों में गलन रोग लगने की आशंका अधिक बढ़ जाती है। फूलों की खेती कर रहे किसान आज्ञाराम यादव ने बताया कि फूलों के खेत में पानी भर जाने से पौधों में फंगस लगेगा और पौधे सूख जाएंगे। तरोई, सरपुतिया की खेती करने वाले किसान राम मूरत ने बताया कि हमने बटाई पर खेत ले कर दो बीघा तरोई व बीस बीघा सरपुरिया की खेती की है। अभी फल निकलना शुरू ही हुआ है। तेज बारिश हुई तो फल और फूल दोनों को नुकसान होगा।

23 से 27 अगस्त तक बारिश के आसार
मौसम विभाग ने तीन दिन पहले एक सप्ताह तक बारिश न होने की संभावना जताई थी। लेकिन मंगलवार को हुई अच्छी बरसात से मौसम विभाग का पूर्वानुमान धरा रह गया। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, कुमारगंज क्षेत्र में 21 मिमी., पिरखौली सोहावल में 42.6, अयोध्या-फैजाबाद में करीब 54 मिमी. बारिश हुई है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि 23 से 27 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाए रहने व हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें