अयोध्या। भीषण गर्मी में रेल यात्रियों की प्यास बुझाने का जिम्मा अब स्काउट व गाइड ने उठाया है। माध्यमिक शिक्षा विभाग की पहल पर बुधवार से 10 स्कूलों के विद्यार्थी अयोध्या रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन सुबह से शाम तक पेयजल बूथ लगाएंगे। बूथ पर हर दिन 16 से 18 विद्यार्थी मौजूद रहेंगे।
सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर स्काउट व गाइड राकेश गप्ता ने बताया कि 15 जून तक चलने वाले शिविर में महाराजा इंटर कॉलेज, भवदीय पब्लिक स्कूल, जनता अवध इंटर कॉलेज, सनबीम स्कूल, यश विद्या मंदिर दर्शननगर, महाराजा पब्लिक स्कूल अयोध्या, तुलसी कन्या इंटर कॉलेज, शिव दयाल सरस्वती विद्या मंदिर, जेबी एकाडमी व साकेत महाविद्यालय के विद्यार्थी भाग लेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेश कुमार वर्मा ने बताया कि इसका समस्त व्यय विद्यालय के बालचर कोष से वहन किया जाएगा।