मसौधा(अयोध्या)। पूराकलंदर क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने 24 घंटे पहले शादी करने से इनकार कर दिया। यह आरोप लगाते हुए कन्या पक्ष ने दूल्हे के साथ चार लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराया है।
उसुरू अमौना मजरे खोजनपुर निवासी पंचम चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उन्होंने पुत्री की शादी इनायतनगर के टाडापारा निवासी रामचंद्र के बेटे राकेश चौहान के साथ 20 मार्च 2023 को तय की थी। सगाई व अन्य रस्में पूरी हो गई थीं। 16 मई को बरात आनी थी लेकिन 24 घंटे पूर्व वर पक्ष के लोगों ने 51 हजार रुपये, बुलेट बाइक व अन्य कीमती सामान की मांग कर दी। दहेज दे पाने में असमर्थता जाहिर करने पर वर पक्ष ने बरात लाने से इनकार कर दिया। पूराकलंदर प्रभारी रतन कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर वर पक्ष के राकेश, मुकेश कुमार, रामचंद्र तथा उनकी पत्नी के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न व अन्य अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।