अयोध्या कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत साहनेवाजापुर तिवारी के पुरवा में टीनशेड में फर्जी तरीके से सोहन पपड़ी की फैक्ट्री संचालित की जा रही है। एफएसडीए की छापेमारी में मैदा, रिफाइंड और चीनी से बनाई जाने वाली सोहन पपड़ी फैक्ट्री में चारों ओर गंदगी फैली मिली।
शीशे के जार, गैस सिलेंडर और अन्य कबाड़ बिखरे पड़े थे। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे। कार्रवाई के दौरान खाद्य अधिकारियों ने सोहन पपड़ी का एक नमूना भरा और 20 गत्ता पापड़ी को सील कर दिया। अभिहित अधिकारी वीके पांडेय ने बताया कि सोहन पपड़ी बनाने वाला शमशाद बिजनौर का रहने वाला है।
फैक्ट्री परिसर में पांच कर्मचारी रहते हैं। अधिकारियों के पहुंचने पर तीन कर्मचारी भाग खड़े हुए। बताया कि संकलित किए गए नमूने जांच के लिए प्रदेश प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्त, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रत्नाकर पांडेय, सम्राट श्रीवास्तव, दिनेश चौधरी और सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके उपाध्याय शामिल रहे।