धनतेरस पर शुक्रवार को बाजार में बूम-बूम रहेगी। बर्तन और सर्राफा बाजार पिछला रिकॉर्ड ध्वस्त करने की तैयारी में सजकर तैयार हैं। कार, ऑटो बाजार और ट्रैक्टरों की बुकिंग 50 करोड़ रुपये से अधिक की हो चुकी है। कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल आदि की खरीद भी रिकॉर्ड तोड़ेगी।
खरीद को लेकर शहर से लेकर ग्रामीण लोगों में उल्लास है। सभी शुभ मुहूर्त में सामान खरीदने व घर लाने को लेकर एजेंसियों समेत दुकानदारों से पहले ही बुकिंग को वरीयता देते दिख रहे हैं। गुरुवार को धनतेरस की पूर्व संध्या पर बाजार का सूचकांक सातवें आसमान पर पहुंच गया।
बंदी के बावजूद दुकानें खुली रहीं। कपड़े की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। धातुओं में बर्तन, जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों, छोटी-बड़ी लग्जरी कारों की एजेंसियों पर एडवांस बुकिंग कराने के लिए ग्राहक जमे रहे। सर्राफा दुकानों पर भी गहनों की बुकिंग कराते लोग दिखे।
इसमें अधिकतर महिलाएं शामिल रहीं। कारोबारियों का कहना है कि इस बार फसल से लेकर लोगों को बढ़े वेतनमान व एरियर की रकम खरीद को प्रोत्साहित करती दिख रही है। बुकिंग के लिए डटे ग्राहक भी मोलभाव करने के मूड में नहीं था।
पूजा सामग्री, बर्तन व सजावट सामग्री को लेकर ग्राहकों में खासा उत्साह रहा। चौक में तो दोपहर बाद जाम लग गया। सिविल लाइंस, रिकाबगंज, नियांवा, मोदहा, नाका मकबरा, फतेहगंज, रीडगंज, देवकाली, अमानीगंज आदि जगहों पर ग्राहकों की भीड़ रही।