तीसरे चरण में होने वाले प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को तीनों विकास खंड मुख्यालयों पर सुबह से ही भारी भीड़ जमा हो गई।
देर रात तक नामांकन को अंतिम रूप देने का काम जारी रहा। भीड़ के कारण कई बार ब्लॉक के सामने की रोड जाम होने से वाहनों की कतारें लग गईं।
मया ब्लॉक में प्रधान के 83 पद, ग्राम सभा सदस्य के 1015 पदों पर नामांकन सुबह 8 से 4 बजे के बीच होना था, लेकिन चार बजे तक नामांकन के लिए लगी कतार का परचा भराने में देर रात तक चुनाव कर्मी जूझते नजर आए।
यहीं हाल मसौधा में प्रधान के 84 पद और सदस्य के 1074 पदों पर नामांकन का रहा। पूरा में भी कतार लगी रही। हाल यह रहा कि मया में नामांकन के चलते कई बार फैजाबाद-अकबरपुर मार्ग जाम हो गया।
जिसके कारण स्कूली छात्र-छात्राओं व राहगीरों को मुश्किलें पेश आईं। नामांकन में आए प्रत्याशियों में एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ दिखी।
कई प्रत्याशी गाड़ियों के काफिले सहित पूरे लाव-लश्कर के साथ ब्लॉक मुख्यालय नामांकन करने पहुंचे। चुनाव अधिकारी डा. राजेश यादव ने बताया कि नामांकन का आंकड़ा मंगलवार को ही मिल पाएगा। तीनों ब्लॉकों में 24 व 26 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच, 27 को नाम वापसी होगी।