तारुन में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद गांव को किया गया सील।
- फोटो : FAIZABAD
तारुन। ग्राम सभा फतेहपुर कमासिन मजरे इछई तिवारी का पूरा में प्रवासी श्रमिक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद रविवार को जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी ने गांव का दौराकर मातहतों को कोरोना से बचाव के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गांव को आने-जाने वाले मार्गों पर बल्लियां लगाकर रास्तों को सील कर दिया गया है। निगरानी समिति की आधा दर्जन टीम एक किमी. की परिधि के लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर रही है।
मुंबई से लौटे तारुन थाना क्षेत्र के फतेहपुर कमासिन गांव के श्रमिक की रिपोर्ट शनिवार को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद रविवार को जिलाधिकारी के साथ प्रशासनिक अमले ने स्थिति का जायजा लिया। डीएम व सीडीओ ने एक किमी. क्षेत्र को नियंत्रण क्षेत्र तथा 3 किलोमीटर तक बफर जोन घोषित किया है। एक किलोमीटर नियंत्रण क्षेत्र को सील कर उसे 6 सेक्टरों में विभाजित कर सेक्टरवार प्रशिक्षित टीमें लगा दी गई हैं। जिनके द्वारा नियंत्रण क्षेत्र में पड़ने वाले सभी घरों एवं प्रतिष्ठानों को विसंक्रमित करने तथा इस क्षेत्र निवासियों के थर्मल स्क्रीनिंग व कांट्रेक्ट ट्रेसिंग का काम किया गया है। बताया गया कि टीम विशेष रूप से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आये सभी लोगों को चिह्नित कर रही है।
टीमों द्वारा बचाव के लिये सील क्षेत्र पूरी तरह सैनिटाइज किया गया और घर-घर जाकर लोगों की जांच किया गया। ग्रामीणों से कांट्रेक्ट ट्रेसिंग का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान आधा दर्जन लोगों को क्वारंटीन के लिये भेजा गया है। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों को कोरोना महामारी से बचाव तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील किया। गांव को 21 दिन के लिए हॉटस्पॉट घोषित किया।
इस दौरान सर्वे व विसंक्रमित करने वाली टीमों को जाने की अनुमति दी गई। हॉटस्पाट क्षेत्र के लोगों को जरूरी चीजों को खरीदने के लिये दुकानदार मोबाइल नंबर से एक चिह्नित स्थान पर लाकर रखने के बाद मोबाइल से संबंधित बताएगा और उस घर का एक युवा व स्वस्थ व्यक्ति उस चिह्नित स्थान से आपूर्ति सामान ले जा सकेगा।
डीएम ने ग्राम प्रधान, लेखपाल व ग्राम निगरानी समितियों को सरकारी गाइड लाइन के अनुसार अन्य प्रदेश व जनपदों से आने वाले श्रमिकों के स्वास्थ परीक्षण, थर्मल स्क्रीनिंग के पश्चात 14 दिन के लिए राशन किट्स देकर होम क्वारंटीन करने का निर्देश दिया। स्थानीय पुलिस ने रविवार सुबह से ही गांव के आने-जाने वाले रास्तों पर वेरिकेटिंग किया।