अयोध्या। कोतवाली नगर में तैनात एक मुख्य आरक्षी को एमवी एक्ट में सीज बोलेरो वाहन का व्यक्तिगत रूप से इस्तेमाल करना महंगा पड़ गया। एसएसपी आशीष तिवारी ने आरोपी मुख्य आरक्षी को पद का दुरुपयोग करने, अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।
कोतवाली नगर में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात अमर सिंह पटेल ने 6 दिसंबर से अवकाश लिया था। थाने में रवानगी कराने से पूर्व सुबह ही वह थाने में एमवी एक्ट में सीज एक बोलेरो वाहन को लेकर अपने एक रिश्तेदार का इलाज कराने लखनऊ के लिए निकल गया। इसके लिए उसने किसी अधिकारी की अनुमति भी नहीं ली थी।
हालांकि वह शाम को वापस लौट आया था, लेकिन कोतवाली पुलिस ने इसकी शिकायत सीओ सिटी व एसएसपी से कर दी। शिकायत के आधार पर हुई जांच के बाद 7 दिसंबर की रात एसएसपी ने पद का दुरुपयोग करने व अनुशासनहीनता के आरोप में मुख्य आरक्षी अमर सिंह पटेल को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी। सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने बताया कि आरक्षी के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।