अयोध्या राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल के नेतृत्व में सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिला गन्ना अधिकारी के कार्यालय पर सरकार द्वारा गन्ना मूल्य न घोषित करने सहित सात सूत्री मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया और गन्ने की होली जलाई। इसके बाद मौके पर पहुंची अतिरिक्त सिटी मजिस्ट्रेट शुभी सिंह को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
अपने ज्ञापन में रालोद ने मांग किया कि गन्ना सप्लाई टिकट की जानकारी मोबाइल मेसेज के साथ-साथ फोन कॉल के माध्यम से भी दी जाय, गन्ना मूल्य का तत्काल भुगतान कराया जाय, गन्ना यार्ड में किसानों को पीने के लिए शुद्ध जल की व्यवस्था की जाय, ट्रैक्टर-डल्लफ की तौल बड़े कांटे से की जाय, ट्रैक्टर डल्लफ का गन्ना क्रेन से उतारा जाय, जिन किसानों को अभी तक एक भी कर पर्ची नहीं मिली है, उन्हें तत्काल पर्ची मुहैया कराया जाय।
धरनास्थल पर जिला गन्ना अधिकारी एपी सिंह ने जिन किसानों को अभी तक एक भी पर्ची नहीं मिली है, उन्हें 15 दिन में पर्ची मुहैया कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल ने कहा कि प्रदेश में चीनी मिलें लगभग दो माह से चल रही हैं। गन्ना किसान कई करोड़ क्विंटल गन्ना चीनी मिलों को सप्लाई कर चुका है, लेकिन अभी तक सरकार ने गन्ना मूल्य निर्धारण नहीं किया है।
युवा रालोद जिला अध्यक्ष रामशंकर वर्मा ने कहा कि जिला गन्ना अधिकारी का कार्यालय तीसरे तल पर है, जिससे तमाम बुजुर्ग किसानों को वहां तक पहुंचने में कठिनाई होती है। इस दौरान अवध क्षेत्र महामंत्री सुनील शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नेतराम वर्मा, राजेश तिवारी, अमित पांडेय, बलराम यादव, जय प्रकाश यादव, करियाराम वर्मा, डॉ. शांती देवी, अवधेश रावत आदि मौजूद रहे।