बड़ागांव। सोहावल तहसील क्षेत्र के बरसैंडी में संचालित आश्रम पद्धति विद्यालय के छात्रों नेे खान-पान, रहन-सहन की अव्यवस्था को लेकर हंगामा काटा। हाथ में तख्तियां लेकर रोड पर धरना दिया। प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
मंगलवार को सुबह स्कूल खुलते ही छात्रों में आक्रोश बढ़ गया। विद्यालय के अव्यवस्था को लेकर छात्र एकत्र होकर तमाम छात्र सड़क पर आ गए। इनके हाथों में दफ्ती और कागज पर प्रबंधन के खिलाफ लिखे नारे लिए थे।
आंदोलित छात्रों में शामिल विशाल यादव, शुभम सिंह, विवेक, संतराम, अविनाश मौर्य आदि ने आरोप लगाया कि विद्यालय का प्रबंधतंत्र खानपान में घटिया स्तर का खाद्य सामग्री प्रयोग करता है। आवास में हर छात्रों के लिए अच्छे बिस्तर और सही बेड नहीं हैं। एक-एक कंबल में दो-दो छात्रों को रखा जाता है।
छात्रों की सुरक्षा रामभरोसे है। बाहरी व्यक्तियों के आने-जाने से छात्र घबराते रहते हैं इतना ही नहीं अधीक्षक व प्रधानाचार्य दोनों रात में अक्सर निवास नहीं करते। छोटे कर्मचारियों की निगरानी में छात्राओं का आवास असुरक्षित है।
छात्रों के आंदोलन की खबर लगते ही उपजिलाधिकारी ज्योति सिंह व जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित चौकी प्रभारी सतीचौरा राम अवतार मौके पर पहुंचे। अफसरों ने आंदोलित छात्रों को समझाया।
आश्वासन दिया कि लापरवाही बरतने वाले प्रबंधन से जुड़े लोगों को के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इससे आंदोलित छात्र कैंपस में वापस आ गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित सिंह ने बताया आश्रम पद्धति के छात्रों की शिकायत मिल गई है। मामले की गहन जांच-पड़ताल होगी। व्यवस्था सुधारी जाएगी। गैर जिम्मेदार, लापरवाह लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई भी होगी।