मवई। ब्लॉक मवई पर पूर्व निर्धारित रोजगार मेले में शनिवार को कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा तो सुबह से जुटे दर्जनों युवाओं के सब्र का बांध दोपहर टूट गया और नाराज युवा प्रदर्शन करने लगे।
बाद में जब कुछ युवाओं ने दीवार पर लिखे नंबरों पर संपर्क किया तो पता चला कि कार्यक्रम आज निरस्त हो गया है बाद में नई डेट आएगी तो सूचना दी जाएगी।
बेरोजगार युवाओं के लिए भारतीय सुरक्षा दक्षता परिषद नई दिल्ली की ओर से एसआईएस इंडिया लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में सुरक्षा कार्य हेतु स्थाई रोजगार देने हेतु जिले के सभी ब्लॉकों में अलग-अलग तारीखों में रोजगार शिविर का आयोजन होना तय हुआ था।
जिसके तहत शनिवार को मवई ब्लॉक में भी शिविर का आयोजन होना तय हुआ था। तय समय पर दर्जनों युवा मौके पर पहुंचे लेकिन कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा और ब्लॉक में भी दूसरा शनिवार होने की वजह से कोई कर्मी मौजूद नहीं था।
दोपहर तक कोई भी कर्मी नहीं पहुंचा तो युवाओं के सब्र का बांध टूट गया और प्रदर्शन करने लगे। ब्लॉक पर आए युवा बड़ेला गांव निवासी मनोज कुमार, माथा नेवादा निवासी रविंद, रायपुर निवासी संजय, पचलो निवासी राजकुमार, भवानीपुर निवासी बनवारी लाल, बाबा बाजार निवासी राकेश कौशल, पूरे कामगार निवासी कुनाल यादव, पचलो निवासी राहुल, राजन राजपूत व अनुपम यादव ने बताया कि निर्धारित डेट के बावजूद कोई भी कर्मी ब्लाक पर नहीं आया।
बताया कि शुक्रवार को रुदौली ब्लॉक में भी शिविर का आयोजन किया गया था जिसमें बताया गया कि शनिवार को मवई ब्लॉक में भी आयोजन किया जाएगा। एडीओ पंचायत विकास चंद्र दूबे ने बताया कि ऐसे किसी भी कार्यक्रम की जानकारी मुझे नहीं है।